Ghaziabad News : गाजियाबाद जिले में शुक्रवार रात शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक लुटेरे को पुलिस ने पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान तालिब उर्फ टिक्की के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के पसोंडा इलाके का निवासी है। मौके से पुलिस ने एक लूटी हुई चेन, एक तमंचा और एक बाइक बरामद की है। पूछताछ में तालिब ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी मोनू के साथ मिलकर कई लूट की घटनाओं को अंजाम देता था और फिर दिल्ली भाग जाता था।
Ghaziabad News : आरोपी ने की थी पुलिस पर फायरिंग
मामले में जानकारी देते हुए ACP अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात शालीमार गार्डन पुलिस टीम DAV कट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक वजीराबाद रोड की ओर से आते दिखाई दिए। उन्हें रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वे बाइक घुमाकर भाग निकले। पुलिस ने तुरंत पीछा शुरू किया। थोड़ी दूर जाकर दोनों बदमाश बाइक छोड़कर पैदल भागने लगे। इस दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तालिब के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
Ghaziabad News : तालिब पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय तालिब उर्फ टिक्की, पुत्र मरहूम मेहरबान अली, निवासी ईदगाह के सामने, पसोंडा, थाना टीलामोड़, गाजियाबाद है। तालिब 9वीं कक्षा से आगे पढ़ाई नहीं कर पाया और आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। उस पर दिल्ली और गाजियाबाद में लूट के चार मामले दर्ज हैं। वह अपने साथी मोनू पुत्र शाहिद के साथ मिलकर 10 से अधिक लूटपाट की घटनाएं कर चुका है। पुलिस ने जो चेन बरामद की है, वह शालीमार गार्डन क्षेत्र की एक महिला से लूटी गई थी।
Ghaziabad News : फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि फरार बदमाश मोनू की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल तालिब को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़े…
