Plane Crash : एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 के दर्दनाक हादसे के बाद देशभर में शोक की लहर है। इस त्रासदी के बीच टाटा ग्रुप ने एक बड़ा और मानवीय कदम उठाते हुए हादसे में मारे गए यात्रियों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस बात की जानकारी टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से दी।
एन. चंद्रशेखरन ने अपने बयान में कहा कि हम एयर इंडिया फ्लाइट 171 से जुड़ी इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बेहद दुखी हैं। यह एक ऐसी क्षति है जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। हमारी गहरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है या जो इस हादसे में घायल हुए हैं। टाटा समूह ने साफ किया है कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक यात्री के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, घायल यात्रियों के इलाज का सारा खर्च भी टाटा ग्रुप उठाएगा, और उन्हें हर जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
हादसे के समय प्रभावित क्षेत्र में स्थित बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल को भी नुकसान हुआ था। टाटा ग्रुप ने यहां नए छात्रावास के निर्माण में सहयोग देने की घोषणा की है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कंपनी केवल पीड़ितों के लिए नहीं, बल्कि समग्र समाज की पुनर्बहाली के लिए भी प्रतिबद्ध है।
टाटा समूह का यह कदम न केवल एक जिम्मेदार कॉर्पोरेट व्यवहार का प्रतीक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि देश के कठिन समय में समूह हमेशा जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहता है। सरकार और स्थानीय प्रशासन ने भी टाटा ग्रुप की इस संवेदनशील और सराहनीय पहल की प्रशंसा की है।
यह भी पढ़े…
Plane Crash : अहमदाबाद विमान हादसे में लैंडिंग गियर या इंजन फेल? सामने आईं 3 चौंकाने वाली थ्योरीज़
