Ghaziabad News : गाजियाबाद के दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में शुक्रवार को एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा वर्ष 2025 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में आयोजित किया गया।
Ghaziabad News : जीवन में करते रहे निरंतर प्रयास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश स्तर पर आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। इसके पश्चात गाजियाबाद जिले के मेधावी विद्यार्थियों को कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया। अपने संबोधन में मंत्री शर्मा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आपका अधिकार केवल कर्म पर है, फल पर नहीं। जीवन में जो भी लोग महान बने हैं, वे निरंतर प्रयास और समर्पण के बल पर ही आगे बढ़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सफलता का श्रेय केवल स्वयं को न देकर, माता-पिता, गुरुजनों, सामाजिक और आर्थिक परिवेश तथा सकारात्मक राजनीतिक वातावरण को भी देना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के बाद जीवन में नैतिक मूल्यों को बनाए रखना और राष्ट्र की संस्कृति तथा भाषा के विकास में योगदान देना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर गाजियाबाद के जिलाधिकारी दीपक मीणा, आईएएस अधिकारी अयान जैन, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, सूचना उप आयुक्त योगेंद्र प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
