Ghaziabad News : गाजियाबाद जिले के सिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक सोसाइटी में बेसमेंट में जलभराव की समस्या को लेकर गुरुवार रात स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाले के गंदे पानी के भराव से परेशान होकर लोगों ने लिंक रोड पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। ढाई घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। मौके पर पहुंची महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और दोषी बिल्डर के खिलाफ FIR का आश्वासन दिया।
Ghaziabad News : पहले पढ़े क्या है मामला?
दरअसल, प्रतीक बिल्डर द्वारा नगर निगम के मुख्य नाले के समीप गहराई से बेसमेंट निर्माण किया जा रहा था। खुदाई के कारण नाले की दीवार टूट गई, जिससे नाले का गंदा पानी समिति की पार्किंग बेसमेंट में भर गया। इसके चलते लिफ्ट और पानी की सप्लाई ठप हो गई। इससे 23 वन डिस्ट्रिक्ट टावर के निवासियों में भारी आक्रोश फैल गया। नगर निगम को सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने बिल्डर को रेत के कट्टों से रिटर्निंग वॉल बनाने के निर्देश दिए थे। लेकिन 24 घंटे बीतने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं की गई। नतीजतन, जलभराव बढ़ता गया और हादसे की आशंका गहराने लगी।
Ghaziabad News : रात में सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन
गुरुवार रात गुस्साए लोगों ने लिंक रोड पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक प्रशासन और बिल्डर समाधान नहीं करते, वे प्रदर्शन जारी रखेंगे। लोगों ने बिल्डर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचीं महापौर सुनीता दयाल ने आवास विकास परिषद और नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने और बिल्डर के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह हादसा बिल्डर की लापरवाही का परिणाम है। अब और देर नहीं होगी, जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है।
नगर आयुक्त ने भी आश्वस्त किया कि नगर निगम और आवास विकास मिलकर हर संभव राहत कार्य कर रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
