Ayodhya Ram Mandir : गंगा दशहरा के पावन अवसर पर भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आज राम दरबार की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हो रही है। वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष अनुष्ठानों के बीच राजा राम का दरबार, मंदिर के प्रथम तल पर स्थापित किया जा रहा है।
Ayodhya Ram Mandir : राम दरबार समेत सात विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा
आज केवल राम दरबार ही नहीं, बल्कि गर्भगृह के चारों कोनों में बने परकोटे के सात अन्य मंदिरों में भी देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है। इस पुनीत कार्य के लिए अयोध्या और काशी से आए 101 वैदिक आचार्य वैदिक विधियों के अनुसार अनुष्ठान संपन्न करा रहे हैं। मंदिर परिसर वैदिक ऊर्जा से गूंज रहा है। प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन अभिजीत मुहूर्त— दिन का सबसे शुभ समय—में किया गया। यह प्रक्रिया सुबह 11:25 से 11:40 बजे तक चली। इस अवसर पर सिद्ध योग भी बना, जिससे अनुष्ठान का महत्व और अधिक बढ़ गया। प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात सीता-राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और बजरंगबली को आभूषणों से अलंकृत किया गया। अब श्रद्धालु रामलला के साथ-साथ राम दरबार के भी दर्शन कर सकेंगे।
Ayodhya Ram Mandir : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हुए शामिल
इस ऐतिहासिक अनुष्ठान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। वह सुबह हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वह राम जन्मभूमि परिसर पहुंचे और राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में संघ, विहिप और बीजेपी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
Ayodhya Ram Mandir : सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
राम मंदिर परिसर और अयोध्या के प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। अयोध्या जिला प्रशासन, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और अन्य एजेंसियों ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से ही कर ली थीं।
यह भी पढ़े…
