Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजियाबाद दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक घोषणा करते हुए ‘ग्रेटर गाजियाबाद’ के गठन की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद के तेज विकास को अगले स्तर तक पहुंचाने के लिए यह आवश्यक कदम है।
Ghaziabad News : लोनी, खोड़ा और मुरादनगर होंगे नगर निगम में शामिल
सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम में लोनी, खोड़ा और मुरादनगर नगर पालिकाओं को शामिल किया जाएगा। इससे नगर निगम का क्षेत्रफल और जनसंख्या दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। वर्तमान में नगर निगम का क्षेत्रफल 220 वर्ग किमी है, जो ग्रेटर गाजियाबाद बनने के बाद 300 वर्ग किमी तक पहुंच सकता है। वहीं, वार्डों की संख्या भी 114 से बढ़कर 155 हो सकती है।
Ghaziabad News : स्टेडियम का कार्य प्राथमिकता में
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे में हिंडन नदी के पुनरुद्धार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने कहा कि यह नदी गाजियाबाद की पहचान रही है और इसे पुनर्जीवित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि गाजियाबाद में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का कार्य अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा पूरा किया जाएगा। सीएम योगी ने गाजियाबाद के तेजी से हो रहे शहरी विकास की तारीफ करते हुए कहा कि हिंडन सिविल टर्मिनल अब NCR के दूसरे एयरपोर्ट के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह गाजियाबाद के शहरी विस्तार का सही समय है।”
Ghaziabad News : राजस्व और विकास कार्यों में होगा बड़ा इजाफा
ग्रेटर गाजियाबाद के गठन से नगर निगम को अधिक केंद्रीय और राज्य अनुदान प्राप्त होंगे, साथ ही संपत्ति कर से भी राजस्व में इजाफा होगा। इससे सभी नए और पुराने वार्डों में विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में गाजियाबाद ने बुनियादी ढांचे, कानून-व्यवस्था और स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतरीन प्रगति की है। 12-लेन एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल और एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं इसे प्रदेश के प्रमुख नगरों में शुमार करती हैं। अब समय आ गया है कि इसे ‘ग्रेटर गाजियाबाद’ के रूप में एक नई पहचान दी जाए।
