UP DGP News : उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए राज्य में जातीय हिंसा, सांप्रदायिक तनाव और अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर सवाल उठाए हैं।
UP DGP News : कानून व्यवस्था को सुधारना बड़ी जिम्मेदारी
मायावती ने अपने बयान में कहा कि वर्तमान परिदृश्य यह दर्शाता है कि प्रदेश में कानून का शासन केवल कागज़ों तक ही सीमित रह गया है। उन्होंने हाल ही में नियुक्त हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के नए महानिदेशक (DGP) की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनके सामने अब कानून व्यवस्था को सुधारने की बड़ी जिम्मेदारी है। आगे उन्होंने लिखा कि ऐसे माहौल में यूपी पुलिस के नए प्रमुख के सामने राज्य में अपराध नियंत्रण और कानून का राज स्थापित करके सर्वसमाज के लोगों को उचित राहत पहुँचाने का बड़ा चैलेन्ज है। राज्य सरकार व सत्ताधारी दल के लोगों को भी इस कार्य में हर प्रकार का सहयोग व सक्रियता जरूरी।
बसपा प्रमुख ने राज्य सरकार और सत्ताधारी दल को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि केवल पुलिस या प्रशासन पर दोष मढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नेताओं को भी कानून-व्यवस्था सुधारने के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। मायावती ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश को देश की प्रगति में रीढ़ की भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन अपराध और कानून-व्यवस्था की बदहाली के कारण यह राज्य अक्सर नकारात्मक सुर्खियों में रहता है। भारत के बहुआयामी विकास में यूपी को ग्रोथ इंजन बनना चाहिए, न कि अपराधों की वजह से बदनाम होना उन्होंने जोड़ा।
उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में आगामी चुनावों से पहले एक बड़ा संकेत माना जा रहा है, जहां बसपा फिर से खुद को मजबूत विकल्प के तौर पर पेश करने की तैयारी कर रही है।
यह भी पढ़े…
