Muzaffarnagar News : उत्तर प्रेदश के मुजफ्फरनगर जिले से एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक बीच सड़क लड़की से छेड़छाड़ करते दिखाई पड़ रहा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से युवक लड़की को रास्ता रोक कमेंट कर रहा है। लड़की ने बचकर भागने की कोशिश की, तो युवक फोन पर बात करते हुए उसका पीछा करने लगा। लड़की किसी तरह युवक से बचकर अपने घर पहुंची।
उधर, वीडियो के सामने आने के 2 घंटे के अंदर ही पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी लंगड़ाते हुए पुलिस की जीप से नीचे उतरते हुए अपनी गलती की माफी मांगता नजर आ रहा है। ये पूरा मामला नई मंडी थाना क्षेत्र का है।
Muzaffarnagar News : अब पढ़े पूरा मामला
दरअसल, एक लड़की बाजार से वापस लौट रही थी। इस बीच एक युवक पैदल चलते हुए उसके पास आता है और लड़की के सामने खड़ा हो जाता है। उससे जबरन बात करता है। लड़की उससे बचने की कोशिश करती है। युवक बार-बार लड़की का रास्ता रोकता है। वह लड़की पर जबरन बात करने का दबाव बनाता, लेकिन लड़की विरोध करती रही। इस बीच किसी तरह लड़की वहां से बचकर भागी, तो युवक उसका पीछा करने लगा। आसपास के लोगों ने टोका तो वह रुक गया। इस पूरी घटना का वीडियो बना वहां मौजूद किसी शख्स ने वायरल कर दिया। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक रोहित थाना भोपा क्षेत्र के जौली गांव का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस जब उसे मेडिकल के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, तो वह जीप से लंगड़ाते हुए उतरते दिखाई दिया। दो पुलिसकर्मी उसे कंधे का सहारा देकर ले जाते दिखाई दिए।
वहीं इस मामले में सीओ रुपाली राव का कहना है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें एक युवक युवती के साथ छेड़छाड़ करते नजर आ रहा है। थाना नई मंडी पुलिस ने वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया है।
