Meerut News : मेरठ पुलिस विभाग के लिए बुधवार की सुबह एक दुखद खबर लेकर आई। लालकुर्ती थाने के तोपखाना चौकी इंचार्ज दरोगा प्रदीप कुमार की रायबरेली में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। हादसा उस समय हुआ जब प्रदीप कुमार अपनी पत्नी और साले के साथ प्रयागराज से लौट रहे थे।
Meerut News : कैसे हुआ हादसा ?
यह हादसा बुधवार सुबह करीब 5 बजे लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर जगतपुर थाना क्षेत्र के जिगना गांव के पास हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दरोगा प्रदीप कुमार और उनके साले आरक्षी अभय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दरोगा की पत्नी महिला आरक्षी रूपा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल रायबरेली एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
Meerut News : कौन थे दरोगा प्रदीप कुमार?
प्रदीप कुमार मूल रूप से आगरा जिले के दोहा गांव, एत्मादपुर के रहने वाले थे। वे वर्तमान में मेरठ के लालकुर्ती थाने की तोपखाना चौकी में बतौर प्रभारी तैनात थे। इससे पहले वह सरधना की सलावा चौकी पर करीब 10 महीने तक इंचार्ज रहे थे। मेरठ पुलिस में उनकी छवि एक कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित अधिकारी के रूप में रही है।
Meerut News : आरोपी वाहन चालक फरार
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल वाहन और उसका चालक फरार** हैं। पुलिस की टीमें अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में लगी हैं। इस दुर्घटना के बाद मेरठ पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने गहरा दुख जताया है और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी है।
