UP IAS News : कहते हैं अगर मन में कुछ पाने की सच्ची चाह हो, तो पूरी कायनात उसे हकीकत में बदलने में लग जाती है। यह बात अमेठी के कचनाव गांव निवासी अंकुर त्रिपाठी ने सच कर दिखाई है। पहले यूपीएससी में सफलता पाकर आईपीएस बने, लेकिन दिल में आईएएस बनने का सपना कायम रहा। उसी सपने को साकार करते हुए अब उन्होंने यूपीएससी 2024 में 50वीं रैंक हासिल कर ली है और आईएएस बनने का गौरव प्राप्त किया है।
UP IAS News : किसान परिवार से आते है अंकुर त्रिपाठी
अंकुर त्रिपाठी का जन्म अमेठी जिले के कचनाव गांव में एक साधारण किसान परिवार में हुआ। उनके पिता सुरेंद्र नारायण त्रिपाठी किसान हैं और मां सरोज त्रिपाठी एक गृहिणी हैं। तीन भाई-बहनों में अंकुर ने बचपन से ही पढ़ाई में रुचि दिखाई। उन्होंने अयोध्या के डीएवी कॉलेज और लखनऊ के बाल विद्या मंदिर से शुरुआती पढ़ाई की, और फिर गोरखपुर की मदन मोहन मालवीय यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया। बीटेक के बाद अंकुर ने दिल्ली जाकर सिविल सेवा की तैयारी शुरू की, लेकिन मार्च 2020 में कोविड-19 महामारी के चलते उन्हें वापस गांव लौटना पड़ा। उन्होंने दो वर्षों तक घर से ही पढ़ाई जारी रखी और 2022 में पहली बार यूपीएससी में 513वीं रैंक हासिल की। इसके बाद उन्हें आईपीएस के रूप में नॉर्थ-ईस्ट कैडर मिला।
UP IAS News : आईपीएस ट्रेनिंग के साथ जारी रखी IAS की तैयारी
हैदराबाद में आईपीएस ट्रेनिंग के दौरान भी अंकुर का IAS बनने का जुनून कम नहीं हुआ। वह दिन में 12 से 16 घंटे पढ़ाई करते और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। कड़ी मेहनत और फोकस के दम पर उन्होंने यूपीएससी 2024 में 50वीं रैंक हासिल कर ली। रिजल्ट आने के एक माह बाद जब अंकुर अपने गांव लौटे तो जगदीशपुर चौराहे से ही जश्न शुरू हो गया। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ क्षेत्रीय लोग उनका स्वागत करने पहुंचे। पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। क्षेत्रीय नेता, शिक्षक, छात्र और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अंकुर त्रिपाठी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार को दिया। उन्होंने बताया है कि मेरे माता-पिता का सपना था कि बेटा IAS बने। मैंने उस सपने को साकार करने की पूरी कोशिश की और आज वो दिन आ गया। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि अगर लक्ष्य पर फोकस बनाए रखें तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।
यह भी पढ़े…
