Mainpuri News : मैनपुरी जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष के बेटे से जुड़े एक सनसनीखेज मामले ने तूल पकड़ लिया है। युवक के करीब 130 अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिनमें वह एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहा है। इस मामले में युवक की पत्नी ने थाने में गंभीर आरोपों के साथ शिकायत दर्ज कराई है।
Mainpuri News : पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
युवक की पत्नी ने बताया कि उनके पति का एक महिला से अवैध संबंध है। वह जानबूझकर अपने वीडियो उसे दिखाकर मानसिक उत्पीड़न करता है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी युवक का कहना है कि उसकी मां भाजपा में पदाधिकारी हैं, इसलिए वह जो चाहे कर सकता है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 30 नवंबर 2021 को मैनपुरी के बीएम गार्डन में हुई थी। उसने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। ससुराल वाले उसे घर में बंद कर देते हैं, खाना नहीं देते, और दहेज को लेकर ताने मारते हैं।
Mainpuri News : घरेलू हिंसा और शारीरिक उत्पीड़न की बात
पत्नी का कहना है कि उसे कई बार मारा-पीटा गया है। उसकी सास, ननद और पति ने मिलकर उस पर शारीरिक हमला किया। उसने यह भी बताया कि पति उसे धमकी देता है कि वह दूसरी महिला के साथ रहना चाहता है और उसके खिलाफ कुछ भी करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। वायरल वीडियो शहर के अलग-अलग होटलों और रेस्टोरेंट में शूट किए गए हैं। वीडियो में नजर आने वाली महिला भी मैनपुरी की ही रहने वाली है, जिसने कथित तौर पर अपने पति को पहले ही छोड़ दिया है।
Mainpuri News : राजनीतिक बयानबाजी शुरू
इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा कि भाजपाई नेताओं और उनके परिजनों के कुकृत्यों के सिलसिलेवार खुलासों की कड़ी में मैनपुरी से ‘130 वीडियो’ का महाभंडाफोड़, भाजपाइयों के कुख्यात कर्नाटक कांड से टक्कर लेता दिख रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह खुलासा भाजपा के घर से ही हुआ है, इसलिए इसकी जिम्मेदारी किसी और पर नहीं डाली जा सकती।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो किसने और कैसे वायरल किए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारी सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
