Ghaziabad News : गाज़ियाबाद की पावन भूमि पर एक ऐतिहासिक और देशभक्ति से ओतप्रोत तिरंगा शौर्य यात्रा का भव्य आयोजन हुआ, जिसने पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। भारत माता सांस्कृतिक संस्थान के संयोजन और ऑपरेशन सिंदूर के तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना के सम्मान में समर्पित रही।
आपको बता दें कि यात्रा की शुरुआत ठाकुरद्वारा मंदिर में चंद्रशेखर आज़ाद जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुई। उत्तर प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने इसका शुभारंभ किया। अपने ओजस्वी संबोधन में उन्होंने 10 मई 1857 की क्रांति को याद करते हुए इसे भारत की स्वतंत्रता के पहले जनांदोलन की चिंगारी बताया। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा केवल आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने का अभियान है।
Ghaziabad News : तिरंगा यात्रा के मुख्य आकर्षण
इस 1 किलोमीटर लंबी यात्रा में तिरंगा झंडा प्रमुख आकर्षण रहा। सौगंध मुझे इस मिट्टी की…” जैसे गगनभेदी नारों के साथ यात्रा मार्ग में जोश का माहौल रहा। यात्रा में भारत माता की विशाल झांकी एक खुली जीप पर सुसज्जित की गई थी। कर्नल सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह जैसे सैन्य नायकों के पोस्टरों ने युवाओं को प्रेरित किया। 5 JCB मशीनों द्वारा पुष्पवर्षा ने आयोजन को अद्वितीय बना दिया। दुर्गा भाभी चौक पर महिलाओं ने रानी लक्ष्मीबाई और जीजाबाई के रूप में वीरांगना स्वागत किया। बच्चों ने सैनिक वेश में लोगों का ध्यान खींचा और तालियां बटोरीं।
Ghaziabad News : मंच से गूंजे देशभक्ति के स्वर
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक मयंक गोयल ने कहा कि यह यात्रा भारत के शहीदों, सैनिकों और देशभक्ति की भावना को समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से अग्रसर है। यह यात्रा उसी चेतना को मजबूत करने का एक प्रयास है।
