Ghaziabad News : गाजियाबाद जिले के मुरादनगर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं के साथ लूटपाट की वारदात सामने आई है। यह घटना रावली सुराना मार्ग पर स्थित एक ईंट भट्टे के पास सुबह करीब 5 बजे हुई। रावली कलां गांव निवासी शशि त्यागी और उनकी पड़ोसी लोकेश त्यागी रोज़ की तरह सुबह सैर पर निकली थीं। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर रोक लिया और उनके सोने के कुंडल व पाजेब लूट लिए। जब महिलाओं ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गईं।
Ghaziabad News : बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी
घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। किसी तरह महिलाएं अपने घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एसीपी मसूरी सर्किल के अनुसार, बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
