Meerut News : मेरठ जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर भारत विरोधी और पाकिस्तान समर्थित पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मो. जैद के रूप में हुई है, जो प्रभात नगर स्थित एक सैलून में हेयर ड्रेसर के रूप में कार्यरत है।
Meerut News : भारत विरोधी पोस्ट से मचा हंगामा
घटना बुधवार को उस समय सामने आई जब शहर में मॉकड्रिल चल रही थी। इसी दौरान मो. जैद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर “पाकिस्तान जिंदाबाद” जैसे आपत्तिजनक कमेंट और पोस्ट शेयर किए। इसके अलावा, उसने भारत की एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाते हुए पाकिस्तान के पक्ष में कई टिप्पणियां कीं। पोस्ट के वायरल होते ही स्थानीय हिंदू संगठनों और पार्षद संजय सिंह सैनी ने विरोध जताया और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद जैद के काम की जगह मयूर सैलून पर लोगों की भीड़ जुट गई। जैद उस समय वहां मौजूद नहीं था, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे तलाश कर गिरफ्तार कर लिया।
Meerut News : मामले में पुलिस क्या बोली ?
मामले में जानकारी देते हुए सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सोशल मीडिया पर देश विरोधी गतिविधियों के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने पुष्टि की कि आरोपी मो. जैद को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ देशद्रोह सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल और कमेंट्स की गहन जांच कर रही है, जिसमें देश के खिलाफ आपत्तिजनक गतिविधियों के कई प्रमाण मिले हैं। आरोपी के पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर किए गए कमेंट्स भी जांच के दायरे में हैं।
