Wings India 2026: उत्तराखंड ने देश के विमानन क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। हैदराबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय विमानन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी Wings India 2026 में उत्तराखंड को Best State for Promotion of Aviation Ecosystem के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राज्य सरकार द्वारा नागरिक उड्डयन क्षेत्र में किए गए निरंतर प्रयासों, दूरदर्शी नीतियों और मजबूत प्रशासनिक ढांचे का प्रमाण माना जा रहा है।
Wings India देश का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित विमानन मंच है, जहां भारत के साथ-साथ कई देशों के नीति निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ, निवेशक और विमानन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख हितधारक एकत्र होते हैं। ऐसे मंच पर उत्तराखंड को यह सम्मान मिलना न केवल राज्य के लिए गौरव का विषय है, बल्कि भविष्य में निवेश और विकास के नए रास्ते भी खोलता है।
READ: मानव-वन्यजीव संघर्ष पर नई रणनीति, अब जनप्रतिनिधि और समुदाय भी संभालेंगे मोर्चा
हैदराबाद में मिला सम्मान, केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मानित
यह पुरस्कार हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पर आयोजित Wings India 2026 के विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से उत्तराखंड को यह सम्मान सौंपा। Wings India 2026 कार्यक्रम के दौरान देशभर के विभिन्न राज्यों और निजी संस्थाओं द्वारा किए गए प्रयासों की समीक्षा की गई, जिसमें उत्तराखंड का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहा गया।
Wings India 2026 अवसर पर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सचिव सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय सिंह टोलिया और हेड ऑफ ऑपरेशंस कैप्टन अमित शर्मा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने राज्य में विमानन क्षेत्र की प्रगति, भविष्य की योजनाओं और निवेश संभावनाओं को लेकर भी चर्चा की।
पर्वतीय राज्य में हवाई कनेक्टिविटी पर विशेष फोकस
उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण राज्य के लिए हवाई कनेक्टिविटी हमेशा से एक बड़ी जरूरत रही है। बीते कुछ वर्षों में राज्य सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। छोटे हवाई अड्डों के विकास, हेलीपैड नेटवर्क के विस्तार और क्षेत्रीय उड़ानों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
READ MORE: पहाड़ की चुभने वाली घास से बदलेगी उत्तराखंड की तक़दीर? बिच्छू घास बनेगी रोजगार और उद्योग का नया आधार
उड़ान योजना के तहत राज्य के कई दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ा गया है। इससे न केवल आम लोगों की यात्रा आसान हुई है, बल्कि पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हुई है। चारधाम यात्रा के दौरान हेली सेवाओं के बेहतर प्रबंधन ने भी राज्य की छवि को मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताई खुशी
इस उपलब्धि पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि Wings India 2026 पुरस्कार उत्तराखंड की समग्र विमानन नीति, बेहतर प्रशासनिक समन्वय और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि हवाई संपर्क मजबूत होने से पर्यटन को नई गति मिली है, वहीं आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आपात स्थितियों में एयर एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर सेवाओं ने कई जिंदगियां बचाने में अहम भूमिका निभाई है।
उत्तराखंड की बड़ी खबर देखने के लिये क्लिक करे
केंद्र सरकार के सहयोग से तेजी से आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग के लिए भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग से ली सेवाओं का विस्तार, उड़ान योजना का सफल क्रियान्वयन और आधुनिक विमानन अवसंरचना का विकास संभव हो पाया है।
राज्य सरकार का मानना है कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड न केवल पर्यटन के लिहाज से, बल्कि नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में भी एक उभरते हब के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। Wings India 2026 में मिला यह सम्मान उसी दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।
पढ़े ताजा अपडेट : Hindi News, Today Hindi News, Breaking



