ब्यूरो : मनोज मिश्रा
Meerut News : भीषण गर्मी के इस दौर में उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और बाधारहित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) पूरी तरह मुस्तैद है। निगम की प्रबंध निदेशक ईशा दुहन (IAS) ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे रात्रिकालीन पीक आवर्स में स्वयं बिजलीघरों का निरीक्षण करें, तकनीकी खामियों को दूर करें और उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
Meerut News : रात्रि निरीक्षण और सजगता के निर्देश
प्रबंध निदेशक ने कहा कि अधिकारियों को रात्रि के समय अपने-अपने क्षेत्रों के पावर हाउस, ट्रांसफॉर्मर और सप्लाई नेटवर्क की स्थिति का जायजा लेना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिजलीघरों में कर्मचारियों की उपस्थिति और सजगता अनिवार्य है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके।
Meerut News : ट्रांसफॉर्मर अपग्रेडेशन से घटी खराबी की दर
ईशा दुहन ने जानकारी दी कि ट्रांसफॉर्मर की क्षतिग्रस्तता पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने प्रभावी कदम उठाए हैं। बिजनेस प्लान 2023-24 के तहत विभिन्न क्षमताओं के 6,766 ट्रांसफॉर्मर अपग्रेड किए गए हैं। बिजनेस प्लान 2024-25 में अब तक 2,138 ट्रांसफॉर्मरों की क्षमतावृद्धि की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, प्रीवेंटिव मेंटेनेंस के अंतर्गत ट्रांसफॉर्मरों की अर्थिंग, लोड बैलेंसिंग और ओवरलोडिंग की जांच कर कमियों को दूर किया गया है। इन उपायों का सीधा असर यह रहा है कि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने की दर में 55% की गिरावट दर्ज की गई है।
Meerut News : फील्ड निगरानी होगी और तेज
प्रबंध निदेशक ने सभी 14 जनपदों के अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया है कि वे फील्ड में जाकर फीडर लोड की नियमित निगरानी करें, ओवरलोड फीडरों की पहचान करें और फॉल्ट सुधारने की प्रक्रिया को त्वरित करें। ईशा दुहन ने कहा कि पश्चिमांचल डिस्कॉम सभी उपभोक्ताओं को सुचारु और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यदि किसी कारणवश विद्युत व्यवधान होता है, तो उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे धैर्य बनाए रखें और हमारी टीम को सहयोग करें।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/ghaziabad-news-the-head-constable-who-was-removed-by-the-police-commissioner-on-charges-of-corruption-was-secretly/



