झारखंड के रामगढ़ जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ लव मैरिज करने वाली एक युवती को अपने पति की बेरहमी का शिकार होना पड़ा। उत्तर प्रदेश के देवरिया की रहने वाली खुशबू कुमारी को उसके पति शंकर कुमार ने चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को नाले में पड़े हुए गांववालों ने देखा और तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचना दी। बता दे की घटना पतरातू स्टेशन के पास किरीगढ़ा गांव की है। स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मचारियों की मदद से खुशबू को अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने बताया कि उसकी पसलियों में फ्रैक्चर है और कई अन्य गंभीर चोटें आई हैं। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे ICU में भर्ती किया गया है।

Jharkhand News: कैसे हुई घटना?
खुशबू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने करीब एक साल पहले गोरखपुर निवासी शंकर कुमार से प्रेम विवाह किया था। कुछ समय बाद शंकर का व्यवहार बदलने लगा और वह खुशबू के साथ मारपीट करने लगा। दो दिन पहले दोनों उत्तर प्रदेश से झारखंड घूमने आए थे। धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर घूमने के बाद वे बनारस-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन से लौट रहे थे।रात के समय, ट्रेन में सफर के दौरान शंकर ने मीठी बातों में उलझाकर खुशबू को ट्रेन के दरवाजे तक बुलाया और उसे धक्का देने की कोशिश की। खुशबू ने जान बचाने के लिए शंकर के पैर पकड़ लिए, लेकिन शंकर ने बेरहमी से उसे नीचे धक्का दे दिया।
Jharkhand News: गांववालों की मदद से बची जान
चलती ट्रेन से गिरने के बाद खुशबू पास के एक नाले में पड़ी मिली। गांव वालों ने जब महिला को खून से लथपथ देखा, तो तुरंत रेलवे कर्मचारी आकाश पासवान को सूचना दी। RPF की मदद से महिला को 108 एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पतरातू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रामगढ़ सदर अस्पताल रेफर किया गया।
Jharkhand News: आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने खुशबू का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपी शंकर कुमार की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Jharkhand News: परिवार की नहीं मानी, अब भुगतना पड़ा अंजाम
खुशबू की बहन ने बताया कि उसने घर वालों की मर्जी के खिलाफ जाकर शंकर से शादी की थी। अब वह उसी फैसले की भारी कीमत चुका रही है। परिजन और समाज दोनों इस घटना से स्तब्ध हैं।



