Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को गुजरात के अरावली जिले के मोडासा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बीजेपी और आरएसएस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर देश में भारतीय जनता पार्टी को कोई हरा सकता है, तो वह केवल कांग्रेस पार्टी है। राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि विचारधारा की लड़ाई है। अगर हमें देश में आरएसएस और बीजेपी को हराना है, तो इसका रास्ता गुजरात से होकर जाता है। हमारी पार्टी की शुरुआत भी यहीं से हुई थी। गुजरात ने हमें महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसे महान नेता दिए हैं।”
Rahul Gandhi : पार्टी के ‘भीतरघात’ पर जताई चिंता
राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सावधान करते हुए कहा कि पार्टी में कुछ लोग ऐसे हैं, जिनका बीजेपी से अंदरूनी गठजोड़ है। ऐसे लोगों की पहचान जरूरी है। जो संगठन के लिए ईमानदारी से काम नहीं कर रहे, उन्हें प्यार से पार्टी से बाहर करना होगा। कांग्रेस अब स्थानीय नेतृत्व को सशक्त करने की दिशा में काम करेगी। जिले को अहमदाबाद से नहीं चलाया जाएगा, बल्कि जिले की राजनीति को स्थानीय नेताओं के हाथों में सौंपा जाएगा। जिला अध्यक्ष को पूरी जिम्मेदारी और शक्ति दी जाएगी।
Rahul Gandhi : ‘रेस के घोड़े’ की तरह काम करें नेता
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने एक दिलचस्प उदाहरण देते हुए कहा कि घोड़े तीन प्रकार के होते हैं बारात का घोड़ा, रेस का घोड़ा और लंगड़ा घोड़ा। हमें रेस के घोड़े चाहिए जो तेजी से दौड़ें, न कि ऐसे जो सिर्फ दिखावे के लिए हों। अब टिकट वितरण में स्थानीय कार्यकर्ताओं को अहम भूमिका मिलेगी। आजकल होता ये है कि एक बार विधायक या सांसद बनने के बाद नेता संगठन को भूल जाते हैं। अब ऐसा नहीं होगा। हम नई पीढ़ी को कांग्रेस में लाना चाहते हैं, जो जनता से सीधे जुड़ी हो।
Rahul Gandhi : गुजरात को बताया ‘पायलट प्रोजेक्ट’
राहुल गांधी ने गुजरात को कांग्रेस का ‘पायलट प्रोजेक्ट’ बताया और कहा कि पार्टी यहां से एक नया संदेश देना चाहती है कि हम उन लोगों को आगे लाएंगे जिनकी बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ है। यह शुरुआत गुजरात से होगी, जो हमारे लिए सबसे अहम राज्य है।
यह भी पढ़े…
