रिपोर्टर – आदिल चौधरी
Hapur News: मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रातः 11 बजे से किसान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्री अभिषेक पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गौतम, उप कृषि निदेशक श्री योगेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए कृषक एवं कृषक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
किसान दिवस की शुरुआत उप कृषि निदेशक श्री योगेन्द्र कुमार द्वारा अतिथियों एवं किसानों के स्वागत से हुई। उन्होंने गत माह जून 2025 में आयोजित किसान दिवस में किसानों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के निस्तारण की रिपोर्ट पढ़कर सुनाई और विस्तृत विवरण संबंधित अधिकारियों द्वारा किसानों को अवगत कराया गया।
Hapur News: लिखित रूप में प्रस्तुत कीं समस्याएं
बैठक में कई किसानों ने अपनी समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी श्री अभिषेक पांडेय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसान दिवस के दौरान प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग से जुड़ी समस्याओं का समाधान 10 दिनों के भीतर हर हाल में करें और निस्तारण आख्या किसान दिवस के नोडल अधिकारी, उप कृषि निदेशक कार्यालय (निकट कोतवाली) में जमा कराएं। साथ ही, शिकायतकर्ता को भी उसकी प्रति अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।
किसान दिवस के आयोजन का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर उनका समाधान करना और प्रशासनिक स्तर पर उनकी समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना रहा। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।
ये भी पढ़े- Ghaziabad News: वार्ड 82 बना बीमारियों का घर, बंगाली होटल रोड पर जलभराव से हाहाकार!



