Israel-Iran War: मिडिल ईस्ट में छिड़ी भीषण जंग दूसरे दिन और भी खौफनाक मोड़ पर पहुंच गई है। शनिवार से शुरू हुए इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमलों ने ईरान की सत्ता और सैन्य शक्ति को झकझोर कर रख दिया है। हमले में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई समेत ईरान के 30 से अधिक शीर्ष नेताओं और उनके परिवार के खात्मे के बाद, अब ईरान की कमान अंतरिम नेता अयातुल्ला अलीरेजा अराफी ने संभाल ली है। सत्ता संभालते ही अलीरेजा ने पूरी दुनिया को चेतावनी देते हुए कहा है कि ‘आज दुनिया इजराइल के अहंकार का अंत देखेगी।’ उन्होंने दावा किया कि ईरान ने इजराइल के भीतर महत्वपूर्ण ठिकानों को ‘टारगेट लॉक’ कर लिया है और जवाबी कार्रवाई किसी भी वक्त महाविनाश का रूप ले सकती है।
वहीं दूसरी ओर, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को पूरी तरह घुटनों पर लाने का संकल्प दोहराया है। ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के 9 नौसैनिक जहाजों (Naval Ships) और उनके नेवल हेडक्वार्टर को तबाह कर दिया है। इजराइली सेना (IDF) ने पिछले 24 घंटों में ईरान पर 700 से अधिक हवाई हमले किए हैं, जिससे तेहरान और उसके आसपास के सैन्य ठिकाने खंडहर में तब्दील हो गए हैं। युद्ध की इस आग ने अब खाड़ी के अन्य देशों को भी अपनी चपेट में ले लिया है, जहां यूएई और दुबई स्थित अमेरिकी अड्डों पर ईरानी मिसाइलें बरस रही हैं।
ईरान के नए लीडर की ललकार
ईरान के अंतरिम सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अलीरेजा अराफी ने युद्ध के दूसरे दिन तेहरान से जारी अपने संदेश में कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा, ‘आज दुनिया इजराइल के अहंकार का अंत देखेगी। हमने इजराइल के भीतर अपने लक्ष्यों को लॉक कर लिया है और हमारी जवाबी कार्रवाई उनकी कल्पना से परे होगी।’ (Israel-Iran War)
ट्रंप का बड़ा दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एक इंटरव्यू में इस ऑपरेशन को अब तक की सबसे बड़ी सफलता बताया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी हमलों में ईरान के 48 शीर्ष नेता मारे गए हैं। ईरान महज दो हफ्ते में परमाणु हथियार बना लेता, लेकिन हमने सही समय पर उसे रोक दिया। सब कुछ प्लान के मुताबिक चल रहा है। हालांकि, ईरान के नए नेता हमसे बातचीत करना चाहते हैं और मैं इसके लिए तैयार हूं।’ (Israel-Iran War)
‘तेहरान के दिल पर होगा प्रहार’
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कर दिया है कि हमले रुकेंगे नहीं, बल्कि और तेज होंगे। नेतन्याहू ने युद्ध की गंभीरता को स्पष्ट करते हुए कहा, ‘तेहरान पर हमले और तेज होंगे। हम सीधे तेहरान के दिल पर हमला कर रहे हैं। पिछले 40 सालों में जो नहीं हुआ, वह अब होकर रहेगा।’ (Israel-Iran War)

दुबई और अबू धाबी तक पहुंची जंग की आंच
ईरान ने इजराइली हमलों का बदला लेने के लिए खाड़ी देशों में स्थित पश्चिमी ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के मुताबिक, अबू धाबी के एक नेवल बेस पर ईरानी मिसाइल गिरने से आग लग गई, जहां फ्रांसीसी सेना ठहरी हुई थी। हालांकि, राहत की बात यह है कि इसमें किसी की जान नहीं गई। (Israel-Iran War)
भारत में पेट्रोल-डीजल होंगे महंगे? ईरान-इजरायल जंग के बीच होर्मुज की खाड़ी में फंसे 150 तेल टैंकर
एस जयशंकर ने ओमान से की बात
युद्ध के वैश्विक असर को देखते हुए भारत भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी से फोन पर लंबी बातचीत की है। ओमान इस युद्ध में मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा है और उसने दोनों पक्षों से तत्काल ‘सीजफायर’ (युद्धविराम) की अपील की है। (Israel-Iran War)
‘मैं सत्ता संभालने को तैयार’- रेजा पहलवी
ईरान के भीतर मचे उथल-पुथल के बीच निर्वासन में रह रहे क्राउन प्रिंस रेजा पहलवी ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ‘मुझे ईरान के लोगों का पूरा समर्थन प्राप्त है और मैं देश की बागडोर संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।’ (Israel-Iran War)



