Ghaziabad News : यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं बीते दिन 24 फरवरी से शुरु हो चुकी है। सरकार ने परीक्षा को सुरक्षित और नकलमुक्त बनाने की पूरी तैयारी की है। लेकिन गाजियाबाद के मोदीनगर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां पीबीएएस इंटर कॉलेज में दसवीं कक्षा के छात्र की बोर्ड परीक्षा कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण छूट गई है।
Ghaziabad News : समय पर नहीं दिया गया एडमिट कार्ड
वेदविहार कॉलोनी के निवासी अभय भारद्वाज को समय पर एडमिट कार्ड नहीं दिया गया। दरअसल, कॉलेज में 20 फरवरी से एडमिट कार्ड का वितरण चल रहा था। लेकिन छात्र का कहना है कि कॉलेज प्रशासन ने आधार कार्ड में खामी का हवाला देकर उसका एडमिट कार्ड रोक लिया। इस बीच परीक्षा के दिन सुबह साढ़े आठ बजे कॉलेज से फोन आया कि एडमिट कार्ड ले जाएं। जब छात्र कॉलेज पहुंचा, तो उसे बताया गया कि उसका परीक्षा केंद्र जनता इंटर कॉलेज पतला है। देरी से एडमिट कार्ड मिलने के कारण वह समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सका। जिसके चलते उसकी परीक्षा छूट गई।
वहीं अब गुस्साएं छात्र ने मोदीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जो भी गलती मिलेगी उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। उधर, इस मामले में पीबीएएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्यामलाल ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसी घटना हुई है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।



