Ghaziabad News : भारत ने अपने पड़ोसी देश म्यांमार के भूकंप से प्रभावित लोगों की मदद के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भारत ने म्यांमार को 14 टन राहत सामग्री भेजी है, जिसे भारतीय वायुसेना के विमान से हिंडन एयर बेस से रवाना किया गया है।
राहत सामग्री को गाजियाबाद स्थित एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन द्वारा तैयार किया गया है। इसमें खाद्य पदार्थ, दवाइयां, टेंट और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं, साथ ही छोटे बच्चों के लिए विशेष खाद्य सामग्री भी भेजी गई है।
गाजियाबाद में तैनात एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन के पीआरओ ने बताया कि भारत हमेशा अपने पड़ोसी देशों की संकट के समय में मदद करने के लिए तत्पर रहता है। राहत सामग्री की रवानगी के दौरान एनडीआरएफ और भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। यह राहत सामग्री म्यांमार को भूकंप से हुए नुकसान से उबरने में मदद करेगी।
Ghaziabad News : हर संभव मदद के लिए तैयार
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थाईलैंड और म्यांमार में आए भूकंप के बाद की स्थिति पर गहरी चिंता जताई देते हुए कहा था कि “म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप के बाद की स्थिति से चिंतित हूं। सभी की सुरक्षा और खुशहाली के लिए प्रार्थना करता हूं। भारत हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। हमने अपने अधिकारियों को तैयार रहने को कहा है और विदेश मंत्रालय से म्यांमार और थाईलैंड की सरकारों से संपर्क बनाए रखने की भी चर्चा की है।”
Ghaziabad News : म्यांमार में गिरी इमारतें
म्यांमार, थाईलैंड और चीन में भूकंप के तेज झटकों ने इन देशों को हिलाकर रख दिया। खासकर थाईलैंड और म्यांमार में इमारतें भरभराकर गिर गईं और घर मलबे में तब्दील हो गए। भूकंप का केंद्र म्यांमार था, और यह 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था। इस भूकंप का असर भारत के कुछ इलाकों में भी महसूस किया गया।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/earthquake-in-myanmar-thailand-what-was-the-real-cause-of-the-earthquake-devastation-in-myanmar/



