Ghaziabad News : 2700 मीटर लंबी सड़क से खुलेगा ट्रैफिक जाम का ताला
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में ट्रैफिक जाम की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान अब जल्द ही मिलने वाला है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने “हम तुम रोड” के निर्माण का ऐलान किया है, जिसकी लागत करीब 31.17 करोड़ रुपये होगी। यह सड़क मेरठ रोड को आउटर रिंग रोड से जोड़ेगी और इसकी लंबाई लगभग 2700 मीटर होगी। इस परियोजना का सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में रहने वाले हजारों लोगों को जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।
Ghaziabad News : जानें क्या हैं पूरा मामला ?
प्राधिकरण के भू-अर्जन और अभियंत्रण जोन की संयुक्त टीम ने हाल ही में हम तुम रोड का फाइनल सर्वे पूरा किया है। टीम ने टोटल स्टेशन सर्वे तकनीक की मदद से सड़क की अलाइनमेंट, चौड़ाई, मोड़ और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस मार्ग के निर्माण से न केवल लोगों को वैकल्पिक रास्ता मिलेगा, बल्कि शहर के प्रमुख ट्रैफिक पॉइंट्स पर दबाव भी कम होगा। खास बात यह है कि यह सड़क राजनगर एक्सटेंशन की उन हाइराइज सोसाइटियों से होकर गुजरेगी, जहां 20 से 25 हजार लोगों की आबादी निवास करती है। इन सोसायटियों के निवासियों के लिए यह सड़क एक वरदान साबित होगी।
यह परियोजना न सिर्फ राजनगर एक्सटेंशन के स्थानीय निवासियों के लिए उपयोगी होगी, बल्कि पूरे गाजियाबाद क्षेत्र के ट्रैफिक नेटवर्क को बेहतर बनाने में भी मददगार होगी। प्रस्तावित हम तुम रोड के निकट हरनंदीपुरम नामक एक नई टाउनशिप भी विकसित की जा रही है, जिससे आने वाले समय में ट्रैफिक और बढ़ने की संभावना है। इस बढ़ते दबाव को देखते हुए जीडीए ने समय रहते यह बड़ा कदम उठाया है। जल्द ही इस निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ की जाएगी, ताकि जल्द से जल्द इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया जा सके और नागरिकों को राहत मिल सके।
ये भी पढ़े-
https://lokhitkranti.com/jagannathpuri-temple-murder-of-senior-priest-of-jagannath-temple-in-puri/



