Thalapathy Vijay: तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख और सुपरस्टार थलपति विजय से करूर भगदड़ मामले को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने करीब 6 घंटे तक पूछताछ की। यह घटना पिछले साल तमिलनाडु के करूर में विजय के रोड शो के दौरान हुई थी, जिसमें 41 लोगों की जान चली गई थी। इस मामले में सोमवार को विजय दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय पहुंचे, जहां उनसे मामले के हर पहलू पर सवाल-जवाब किए गए।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान विजय ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए साफ कहा कि इस हादसे के लिए उनकी पार्टी TVK किसी भी तरह से जिम्मेदार नहीं है। Thalapathy Vijay ने इसे एक ‘दुर्घटना’ बताया और कहा कि इसे राजनीतिक रंग देना गलत है।
CBI की पूछताछ में क्या बोले थलपति विजय?
CBI सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान विजय से रोड शो की प्लानिंग, भीड़ प्रबंधन और प्रशासनिक समन्वय को लेकर कई सवाल पूछे गए। हर सवाल के जवाब में विजय का रुख एक जैसा रहा। उन्होंने कहा कि करूर में जो हुआ, वह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था, इसके लिए TVK को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। CBI अधिकारियों ने इस दौरान घटना से जुड़े अन्य तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर भी पूछताछ की, लेकिन विजय ने बार-बार यही दोहराया कि उनकी पार्टी की इसमें कोई भूमिका नहीं थी।
किसी अन्य गवाह से नहीं कराया गया आमना-सामना
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान एक्टर विजय का किसी भी अन्य गवाह से सामना नहीं कराया गया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि हादसे के वक्त Thalapathy Vijay हालात बिगड़ते देख आगे की त्रासदी से बचने के लिए कार्यक्रम स्थल से निकल गए थे। यही बयान TVK के उन पदाधिकारियों ने भी दिया है, जिनसे CBI पहले ही पूछताछ कर चुकी है।CBI अधिकारियों का कहना है कि विजय के बयानों का मिलान पुलिस रिकॉर्ड और अन्य गवाहों के बयान से किया जाएगा।
CBI से विजय ने क्यों की खास रिक्वेस्ट?
पूछताछ के दौरान Thalapathy Vijay ने CBI अधिकारियों से एक विशेष अनुरोध भी किया। सूत्रों के अनुसार, Thalapathy Vijay ने कहा कि अगर दोबारा पूछताछ जरूरी हो, तो ‘मुझे समय पहले से दिया जाए और अगली तारीख पोंगल फेस्टिवल के बाद रखी जाए।’ CBI ने विजय की इस रिक्वेस्ट को स्वीकार कर लिया है। अब अगली पूछताछ पोंगल के बाद होगी। जांच एजेंसी इस दौरान मामले की गहन समीक्षा करेगी और जरूरत पड़ने पर करूर जाकर दोबारा घटनास्थल का निरीक्षण भी कर सकती है।
क्या है करूर भगदड़ मामला?
27 सितंबर को करूर में Thalapathy Vijay की रैली के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई थी। लंबे इंतजार और अव्यवस्था के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें 41 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। तमिलनाडु पुलिस ने उस वक्त विजय के कार्यक्रम स्थल पर कथित देरी को भीड़ बेकाबू होने की एक बड़ी वजह बताया था। इस घटना को तमिलनाडु के हालिया राजनीतिक इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में गिना जा रहा है। फिलहाल, CBI इस पूरे मामले की जांच कर रही है और TVK की भूमिका को हर एंगल से खंगाल रही है।



