Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार रात एक शादी में अचानक तेंदुए के घुस जाने से हड़कंप मच गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कैमरामैन ने भी सीढ़ियों से छलांग लगाकर जान बचाई तो दूल्हा-दुल्हन भी डरकर कार में जा बैठे। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मैरिज हॉल पहुंची। पुलिस ने ड्रोन उड़ाकर देखा तो मैरिज हॉल की छत पर तेंदुआ नजर आया। जिसके बाद वन विभाग की टीम सीढ़ियों से ऊपर जाने लगी तो, अचानक तेंदुआ नीचे आ गया। पुलिसकर्मियों को देखकर तेंदुआ गुर्राया। एक पुलिसकर्मी पर झपट्टा मारा। डरकर दरोगा के हाथ से राइफल छूट गई।
तेंदुए ने दरोगा मुकद्दर अली के हाथ पर हमला कर दिया। फिर मैरिज हॉल के दूसरी तरफ भाग गया। कई घंटे तक पुलिस और वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने की कोशिश करती रही। बड़ी मुश्किल से वन विभाग की टीम तेंदुए को मैरिज हॉल से पकड़ पाई। घटना हरदोई रोड पर बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित एम.एम. लॉन का है।
Uttar Pradesh News : अब पढ़े पूरा मामला
दरअसल, आलमबाग पूरन नगर निवासी अक्षय श्रीवास्तव की शादी बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित एम.एम. लॉन में हो रही थी। बाराती-घराती नाश्ता कर रहे थे। दो कैमरामैन दूल्हा-दुल्हन का वीडियो शूट करने के लिए कमरा खोज रहे थे, इसी दौरान मैरिज हाल में तेंदुआ घुस आया। तेंदुए को देखते ही कैमरामैन ने सीढ़ियों से छलांग लगा दी। दूल्हा-दुल्हन ने भी भागकर जान बचाई। फिर पूरे मैरिज हॉल में चीख-पुकार मच गई। तेंदुआ मैरिज हॉल की छत पर जाकर बैठ गया। इसके बाद लोगों ने गेस्ट हाउस के चैनल गेट को बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। दुल्हन के घरवालों ने बताया कि हम लोगों ने खाना भी नहीं खाया था कि तेंदुए ने हमला कर दिया। पूरा खाना बर्बाद हा गया। जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, हम लोग मैरिज हाल में नहीं जाएंगे।



