Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी महिला के बाल पकड़कर उसे सीढ़ियों से उतारते हुए ले जाता नजर आ रहा है। हैरानी की बात ये है कि टीम के साथ महिला सिपाही होने के बावजूद भी एक पुरुष पुलिसकर्मी महिला के बाल पकड़कर उसे छत से नीचे उतार रहा है। बता दें ये मामला तमकुहीराज तहसील के तरयासुजान थाना क्षेत्र के गांव बेदुपार मुस्तकील का है।
Uttar Pradesh : अब पढ़े पूरा मामला…
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ये मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है। जिसकी शुरुआत उस समय हुई जब एसडीएम न्यायालय ने धारा 24 के तहत आदेश पारित कर राजस्व टीम को भूमि का सीमांकन करने और पत्थर लगाने का निर्देश दिया था। जिसके बाद से ही विवादित भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर विवाद बढ़ा रहा। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष का कहना है कि सिविल जज कुशीनगर के न्यायालय में इस मामले में विचाराधीन होने के दौरान दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। लेकिन, आरोप है कि विपक्षी ने पुलिस के दबाव में आकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
Uttar Pradesh : पुलिस ने की मारपीट
मामले में पीड़ित बिजाई पुत्र मुंसी ने आरोप लगाया कि जब विपक्षी ने निर्माण कार्य शुरू किया, तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर उन्होंने अपने घर के छत के लिंटर को रोकने की कोशिश की, तब पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बुरी तरह से मारपीट की और उन्हें थाने ले गई।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जमीन विवाद में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।



