Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हुई हिंसा ने अब राजनीतिक रुप ले लिया है। एक तरफ जहां हिंसा के बाद से ही विपक्ष योगी सरकार पर दंगे भड़काने के आरोप लगा रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ सरकार की ओर से दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने मोर्चा संभाल रखा है। खासकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अखिलेश यादव पर हमला बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। इसी क्रम में अब केशव ने अखिलेश यादव के संभल पीड़ितों को 5-5 लाख मुआवजा देने के एलान पर हमला बोलते हुए कहा है कि पहले दंगे भड़काएंगे फिर हत्याएं करवाएंगे और आखिर में 5 लाख के मुआवजे का दिखावा करेंगे। सपा की राजनीति है कि सांप भी मरे और लाठी भी न टूटे। सपा बगुला भगत बनी हुई है। अगर अखिलेश को सच्ची हमदर्दी है, तो 5 लाख क्यों, 5 करोड़ देना चाहिए। लेकिन ये मुआवजा नहीं, मुस्लिम वोटों की मंडी में नई बोली लगाने और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति का नया खेल है।
Uttar Pradesh : X पर पोस्ट कर कसा तंज
बीते दिन रविवार को केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अखिलेश यादव और उनके समर्थक उपचुनाव में करारी हार के बाद पूरी तरह से निराश और बौखलाए हुए हैं। जनता ने उनके सत्ता के सपने तोड़ दिए और सत्ताइस का सत्ताधीश बनने का उनका दावा पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। राजनीतिक आधार खोने के बाद अब सपा ने प्रदेश में अशांति फैलाने और अराजकता पैदा करने की साजिशें शुरू कर दी हैं।
Uttar Pradesh : संभल में हुआ दंगा सपा की साजिश
उपमुख्यमंत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संभल में हुआ दंगा सपा की इसी साजिश का हिस्सा है, जिसके असली सूत्रधार और फर्जी PDA के संचालक खुद अखिलेश यादव हैं। अपनी चुनावी विफलता छुपाने के लिए इस तरह के प्रयास कर प्रदेश के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने और प्रगति को बाधित करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन सपाई गुंडों और दंगाई तत्वों को यह समझ लेना चाहिए कि उनकी चालें अब सफल नहीं होंगी।
Uttar Pradesh : अराजकता फैलाने वालों के लिए कोई स्थान नहीं
उपमुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली BJP सरकार में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। BJP सरकार यूपी को विकास, सुरक्षा और समृद्धि की ओर अग्रसर कर रही है। अराजकता फैलाने वालों के लिए यहां कोई स्थान नहीं है। सपा होगी सफा और प्रदेश प्रगति के मार्ग पर निर्बाध रूप से आगे बढ़ेगा।



