UP News : ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा और विधान परिषद सदस्य (MLC) अरुण पाठक के बीच गनर की तैनाती को लेकर कहासुनी का मामला तूल पकड़ गया है। विवाद उस वक्त और गहरा गया जब एडीसीपी ने कहा कि मैं इन्हें एक कार्यक्रम के दौरान डील कर चुकी हूं। इस पर अरुण पाठक भड़क गए और ‘डील’ शब्द की व्याख्या मांगते हुए नाराज़गी जताई। इसके बाद एडीसीपी अंजली विश्वकर्मा वहां से रवाना हो गईं। सोशल मीडिया पर यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। इस बीच लोगों के मन में यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर IPS अंजली विश्वकर्मा कौन हैं? आइए जानते हैं उनके सफर के बारे में…
UP News : IIT से IPS बनने का प्रेरणादायक सफर
अंजली विश्वकर्मा, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की रहने वाली हैं और 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 11 जनवरी 1993 को हुआ। उनके पिता अरुण कुमार ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में इंजीनियर रहे हैं, जबकि मां नीलम विश्वकर्मा एक गृहिणी हैं। अंजली ने कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल, देहरादून से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और 2011 में 97.7% अंकों के साथ उत्तराखंड की स्टेट टॉपर बनीं।

UP News : विदेशी कंपनी में 48 लाख का पैकेज छोड़कर UPSC की राह चुनी
बचपन में डॉक्टर बनने का सपना देखने वाली अंजली का रुझान बाद में इंजीनियरिंग की ओर गया। उन्होंने IIT कानपुर से नेविगेशन इंजीनियरिंग में बीटेक किया और 2015 में एक विदेशी मल्टीनेशनल कंपनी में 48 लाख रुपये सालाना पैकेज की नौकरी हासिल की। उन्होंने मैक्सिको, नार्वे, यूके, मलेशिया, सिंगापुर, अबू धाबी और न्यूजीलैंड जैसे देशों में काम किया और तीन साल का बहुमूल्य अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त किया।
UP News : UPSC में दूसरी कोशिश में मिली सफलता
2018 में अंजली ने अपनी उच्च वेतन वाली नौकरी छोड़ दी और UPSC की तैयारी में जुट गईं। पहली बार असफल रहीं, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल की और IPS अधिकारी बनीं। उनकी पहली पोस्टिंग झांसी में हुई थी, जहां उन्होंने एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले को सुलझाकर अपराधी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया। अंजली की मुलाकात IIT कानपुर में उदित पुष्कर से हुई, जो अब उनके जीवनसाथी हैं। दोनों ने साथ में UPSC क्लियर किया और 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी बने। उदित वर्तमान में छत्तीसगढ़ कैडर में सेवारत हैं।

UP News : वर्तमान में एडीसीपी पूर्वी के पद पर तैनात
अंजली विश्वकर्मा वर्तमान में कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में एडीसीपी (पूर्वी) के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह एसीपी के रूप में सेवा दे चुकी हैं। वह तेजतर्रार और संवेदनशील छवि वाली अधिकारी मानी जाती हैं।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/kanpur-news-fierce-clash-between-mlc-arun-pathak-and-female-adcp-during-cricket-match/



