UP News : महेंद्र राजभर पर कार्यक्रम में हमला, बोले- ओम प्रकाश राजभर की शह पर हुई साजिश
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मंगलवार को राजनीतिक हलकों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर को एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान सरेआम थप्पड़ मार दिया गया। यह घटना जलालपुर क्षेत्र के आशापुर गांव में एक भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां मऊ निवासी महेंद्र राजभर मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें एक व्यक्ति पहले महेंद्र राजभर को माला पहनाता है और फिर अचानक थप्पड़ जड़ देता है। यह अप्रत्याशित हमला देख वहां मौजूद लोग सन्न रह गए और तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया।
UP News : जाने क्या हैं पूरा मामला ?
महेंद्र राजभर ने हमलावर की पहचान वाराणसी निवासी बृजेश राजभर के रूप में की है, जो कभी पार्टी का सदस्य रह चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि बृजेश राजभर पार्टी में रहते हुए धन उगाही जैसी गतिविधियों में लिप्त था, जिस कारण उसे निष्कासित कर दिया गया था। महेंद्र राजभर ने यह भी दावा किया कि यह हमला कोई आकस्मिक घटना नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी, जिसे कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की शह पर अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले बृजेश की ओम प्रकाश राजभर से मुलाकात हुई थी और तभी से उन्हें संदेह था कि कुछ बड़ा हो सकता है। घटना के तुरंत बाद महेंद्र राजभर थाने पहुंचे और बृजेश के खिलाफ तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो महेंद्र राजभर कभी सुभासपा से जुड़े थे और एनडीए के प्रत्याशी के रूप में मऊ विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं। हालांकि वे चुनाव में मामूली अंतर से हार गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चुनाव प्रचार के दौरान महेंद्र राजभर को ‘कटप्पा’ नाम से संबोधित किया था, जो उस समय सुर्खियों में रहा था। अब सुभासपा से अलग होकर उन्होंने अपनी नई पार्टी बनाई है और प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटे हैं। लेकिन इस तरह की घटनाएं न केवल उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि प्रदेश की राजनीतिक गरिमा पर भी गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाती हैं।
ये भी पढ़े-
https://lokhitkranti.com/amroha-news-corrupt-people-caught-in-cbi-net-superintendent-and-lawyer-caught-red-handed-taking-bribe-of-rs-1-lakh/



