UP NEWS : उत्तर प्रदेश सरकार ने यातायात को सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गुरुवार को विधानसभा में पेश बजट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की घोषणा की। इसके लिए परिवहन विभाग पर 1406.71 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट खर्च किया जाएगा। इस बजट से मुख्य रूप से नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद, रखरखाव और चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की जाएगी।
UP NEWS : परिवहन विभाग को मिला बड़ा बजट
- 560 करोड़ रुपये इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव और चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना के लिए निर्धारित किए गए हैं।
- 10 करोड़ रुपये सारथी और वाहन पोर्टल, रियल टाइम शिकायत निवारण और सड़क सुरक्षा के लिए एआई आधारित डैशबोर्ड लगाने में खर्च किए जाएंगे।
UP NEWS : उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को नई बसें
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के बेड़े में नई इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 400 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। ये बसें विभिन्न मार्गों पर संचालित की जाएंगी, जिससे यात्रियों को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।
UP NEWS : चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का भी होगा विस्तार
इलेक्ट्रिक बसों के सुचारु संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशनों की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए सरकार ने 50 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है, जिससे चार्जिंग सुविधाओं के साथ-साथ बसों के रखरखाव की भी देखभाल की जाएगी।
UP NEWS : मुख्यमंत्री ग्राम जोड़ो योजना के तहत नई बसें
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच यातायात को आसान बनाने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम जोड़ो योजना के तहत मध्यम श्रेणी की इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इन बसों से ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और शहरों से उनका जुड़ाव मजबूत होगा। योगी सरकार का यह निर्णय न केवल ग्रामीण यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक यातायात व्यवस्था को भी बढ़ावा देगा।



