UP News : गोरखपुर जोन, जेल प्रशासन और आवास निगम को दिए गए नए मुखिया
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन वरिष्ठ आईपीएस अफसरों के तबादले किए हैं। गुरुवार को जारी आदेश में तीनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राज्य सरकार का कहना है कि इन तबादलों से संबंधित क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा। गोरखपुर, लखनऊ समेत कई अहम महकमे इन अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में आते हैं, जिनकी जिम्मेदारी में बदलाव के बाद प्रशासनिक रणनीतियों में भी बदलाव देखने को मिलेगा।
UP News : जानें क्या हैं पूरी खबर ?
तबादले के आदेश के मुताबिक श्री मुथा अशोक जैन (आईपीएस-आरआर-1995), जो अब तक लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में अपर पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात थे, को गोरखपुर जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। अशोक जैन का प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक क्षमता अब पूर्वांचल के इस बड़े जोन में कानून व्यवस्था संभालने में इस्तेमाल होगी। वहीं डॉ के एस प्रताप कुमार (आईपीएस-आरआर-1993), जो अब तक गोरखपुर जोन के पुलिस महानिदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक के तौर पर सेवाएं दे रहे थे, को पुलिस महानिदेशक/सीएमडी, पुलिस आवास निगम, उत्तर प्रदेश लखनऊ के पद पर भेजा गया है। पुलिस आवास निगम के कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता की निगरानी उनकी जिम्मेदारी होगी।
इसके अलावा श्री पी.सी. मीणा (आईपीएस-आरआर-1991), जो पुलिस महानिदेशक/सीएमडी, पुलिस आवास निगम के साथ महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, को अब पूर्ण रूप से पुलिस महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश लखनऊ नियुक्त किया गया है। उनके पास अब जेलों के प्रबंधन, कैदियों के सुधार और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी होगी। इस फेरबदल से राज्य सरकार ने संकेत दिया है कि वह कानून व्यवस्था, पुलिस आवासीय सुविधाओं और जेल सुधार जैसे अहम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देना चाहती है। नए जिम्मेदारियों के साथ ये अधिकारी अपने-अपने विभागों में नई योजनाओं और कार्यप्रणालियों के जरिए सुधार लाने की दिशा में काम करेंगे।
ये भी पढ़े-
https://lokhitkranti.com/ghaziabad-news-police-tightened-the-noose-opened-the-history-sheet-of-07-criminals-they-were-involved-in-dozens-of-criminal-cases/



