UP News : फर्रुखाबाद में शुक्रवार सुबह पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में आठ वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोपी 55 वर्षीय मनू मारा गया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि आरोपी मनू पर पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जिसे बाद में पुलिस उपमहानिरीक्षक हरीश चंदर ने बढ़ाकर 50 हजार कर दिया था। कई दिनों से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
UP News : 27 जून को हुआ था अपहरण, 28 को मिला शव
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली बालिका 27 जून को रिश्तेदारी में मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र गई थी, जहां से उसका अपहरण हो गया था। अगले दिन 28 जून की सुबह उसका शव मैनपुरी जिले के भोगांव कोतवाली क्षेत्र के देवीपुर गांव के पास मिला। प्राथमिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर मामले के शीघ्र खुलासे का दबाव था।
UP News : पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश
गुरुवार देर रात पुलिस को आरोपी मनू की लोकेशन मिली, जिसके बाद घेराबंदी की गई। खुद को फंसा देख मनू ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

UP News : एसपी और एएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आरती सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने मुठभेड़ स्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि आरोपी कई अन्य मामलों में भी वांछित था और बालिकाओं को निशाना बनाता था। उसकी मौत से क्षेत्र के लोगों में राहत का माहौल है।
यह भी पढ़े – Hapur News : सिंभावली में आयुष्मान कार्ड एवं अवेयरनेस कैंप का आयोजन



