नोएडा उत्तर प्रदेश। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की चोरी का बड़ा खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 48 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जिसमें 500-500 रुपये के नोटों की 296 गड्डियां शामिल हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली Aura कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
सेक्टर-25 के गैराज से हुई थी करोड़ों की चोरी
पुलिस के अनुसार, यह रकम सेक्टर-25 स्थित एक गैराज से चोरी की गई थी। चोरी की शिकायत वासुदेव नाम के व्यक्ति ने थाना सेक्टर-20 में दर्ज कराई थी। मामले की जांच के लिए पुलिस ने करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बदली हुई नंबर प्लेट वाली एक कार सामने आई। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
निवेश का पैसा न मिलने पर रची चोरी की साजिश
गिरफ्तार आरोपियों में अवनीश कुमार को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, अवनीश एक सीए फर्म के जरिए लोगों से निवेश के नाम पर रकम लेता था और पिछले करीब एक साल से TPF (Trading Profit Fund) से भी जुड़ा था। डीसीपी साहब मियां खान ने बताया कि आरोपी अवनीश का वासुदेव के यहां निवेश था, जिसका अपेक्षित रिटर्न उसे नहीं मिल रहा था। वासुदेव के पास अन्य लोगों की निवेश की गई रकम कैश के रूप में सेक्टर-25 के गैराज में रखी थी।
अलीगढ़ में भाई के घर छिपाई गई चोरी की रकम
रिटर्न न मिलने से नाराज अवनीश ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर गैराज से कैश चोरी करने की योजना बनाई। चोरी के बाद पूरी रकम को अलीगढ़ में उसके भाई नीशू के घर छिपा दिया गया। पुलिस जांच में यह राज खुलने के बाद टीम ने अलीगढ़ पहुंचकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और पूरी रकम बरामद कर ली।
आयकर विभाग को भी भेजा जाएगा पत्र
बरामद रकम की मात्रा काफी अधिक होने के कारण पुलिस अब इस मामले में आयकर विभाग से भी पत्राचार करेगी। पुलिस यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम किस तरह जुटाई गई थी और इसका निवेश गतिविधियों से क्या संबंध है। डीसीपी के अनुसार, जांच आगे बढ़ने पर और भी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।


