Maharashtra News : महाराष्ट्र की राजनीति का आज सबसे बड़ा दिन है, क्योंकि नए मुख्यमंत्री के तौर पर देवेंद्र फडणवीस कुछ ही देर में शपथ लेने वाले है। जबकि शपथ ग्रहण समारोह में फडणवीस के अलावा दो एकनाथ शिंदे और अजित पवार उपमुख्यमंत्री पद की भी शपथ लेंगे। लेकिन शपथ ग्रहण समारोह से पहले एकनाथ शिंदे गुट से बड़ा बयान सामने आया है। शिंदे गुट के नेता दीपक केसरकर ने कहा है कि उपमुख्यमंत्री के तौर पर शिंदे शपथ लेंगे या नहीं। इसका ऐलान तो वही करेंगे। हम सभी ने शिंदे को बोला है कि अगर वह सरकार में नहीं रहेंगे तो शिवसेना से कोई नहीं रहेगा। हम चाहते हैं कि शिदें सरकार में रहें।
शिंदे गुट के नेता दीपक केसरकर ने आगे ये भी कहा कि इस पर शिंदे विचार कर रहे हैं। एकनाथ शिंदे पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की बातें सुनते हैं। अगर पीएम मोदी और अमित शाह से कोई मैसेज आ जाए तो शिंदे बात नहीं टालेंगे। वह मान जाएंगे।
वहीं दूसरी तरफ शिंदे गुट के विधायक उदय सामंत ने कहा कि हम चाहते हैं कि एकनाथ शिंदे डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लें। हमारे किसी विधायक को मुख्यमंत्री बनने की लालसा नहीं है। अगर शिंदे डिप्टी सीएम नहीं बनते हैं तो हमें भी कोई मंत्रिपद नहीं चाहिए। हम में से भी कोई मंत्री नहीं बनेगा।



