Madhya Pradesh : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बहरेटा सानी गांव के पास एयरफोर्स का एक फाइटर प्लेन क्रैश हो जाने के कारण पायलट गंभीर रुप से घायल हो गया है। इसका एक फोटो भी सामने आया है, जिसमें वह मोबाइल पर किसी से बात करते दिखाई पड़ रहा हैं। फिलहाल, मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें संभाल रखा है।

वहीं हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय प्रशासन की टीम ने जांच शुरु कर दी है। प्लेन कहां उड़ा था और कहां जा रहा था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जानकारी देते हुए करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि प्लेन में दो पायलट थे। हादसे से पहले दोनों पायलटों ने खुद को इजेक्ट (बचकर निकले) कर लिया था। दोनों ही सुरक्षित हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एयरफोर्स की टीम हेलिकॉप्टर से मौके पर पहुंची और दोनों पायलटों को ग्वालियर लेकर रवाना हो गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्लेन ने ग्वालियर से उड़ान भरी थी। वहीं, एयरफोर्स की ओर से हादसे की जांच के आदेश भी दिए जा रहे हैं।
Madhya Pradesh : आगरा में हुआ था हादसा
गौरतलब है कि इससे पहले 4 नवंबर 2024 को यूपी के आगरा में एक मिग-29 विमान हादसे का शिकार हुआ था। जो कागारौल क्षेत्र के सोंगा गांव के पास हुआ था। यहां एयरफोर्स का मिग-29 विमान रुटीन ट्रेनिंग के दौरान तकनीकी खराबी की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। समय रहते पायलट ने विमान से निकलकर अपनी जान बचाई थी।



