झांसी उत्तर प्रदेश। झांसी मेडिकल कॉलेज परिसर में डॉक्टरों के आवासों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। परिसर में 174 गार्डों की तैनाती के बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर डॉक्टरों के घरों के ताले तोड़ दिए। जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज परिसर में पांच डॉक्टरों के घरों को निशाना बनाया गया, और पूरी वारदात परिसर में लगे CCTV कैमरों में भी कैद हो गई।
यह घटना झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर की है, जहां चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को सीधी चुनौती दे डाली। जानकारी के मुताबिक, जिन घरों में चोरी हुई, वहां रहने वाले डॉक्टर काम के सिलसिले में मथुरा गए हुए थे। डॉक्टरों की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए चोरों ने मौका पाकर घरों के ताले तोड़ डाले। मेडिकल कॉलेज परिसर में कुल पांच डॉक्टरों के घरों के ताले टूटने की पुष्टि हुई है।
CCTV में कैद हुई वारदात
वारदात के दौरान संदिग्ध चोर परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गए। फुटेज में चोर घरों के आसपास घूमते और ताले तोड़ने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। घटना सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
174 गार्ड, फिर भी सुरक्षा में सेंध
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब मेडिकल कॉलेज परिसर में 174 गार्ड तैनात हैं, तो आखिर चोर इतनी आसानी से डॉक्टरों के घरों तक कैसे पहुंच गए। परिसर में मौजूद इतनी बड़ी सुरक्षा फोर्स के बावजूद चोरी की वारदात होने से सुरक्षा एजेंसी की चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डॉक्टरों और उनके परिवारों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश और असुरक्षा की भावना देखी जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जाएगा। वहीं मेडिकल कॉलेज प्रशासन से भी सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की मांग उठ रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
संवाददाता: सागर सैनी झांसी


