उत्तर प्रदेश के बरेली में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने रविवार को विकास भवन सभागार में पशुपालन विभाग की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश की गौशालाएं बनेगी आत्मनिर्भर, इसके लिए ठोस कार्ययोजना पर काम किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 7500 गौशालाओं में 13 लाख से अधिक गौवंश संरक्षित हैं और अब इन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
गोबर-गोमूत्र से बनेगी आय, स्वयं सहायता समूह जुड़ेंगे
मंत्री ने कहा कि गाय के गोबर और गोमूत्र से कण्डे, दीपक, खाद, गोबर गैस और पंचगव्य बनाकर आय बढ़ाई जाए। इस काम में स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा जाएगा, जिससे गौशालाएं बनेगी आत्मनिर्भर और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। बरसात के मौसम को देखते हुए बाढ़ प्रभावित गौशालाओं में वीबी जी राम जी योजना के तहत चबूतरे बनवाए जाएंगे, ताकि गौवंश सूखे स्थान पर रह सके।
चारों जनपदों की प्रगति
मुख्य विकास अधिकारी बरेली ने बताया कि वृहद गौशालाओं में बाउंड्रीवाल बन चुकी है और विकास भवन में सीसीटीवी कंट्रोल रूम बन रहा है, जिससे सभी गौशालाओं की निगरानी होगी। बरेली में 106 गौशालाओं में 16,361 गौवंश हैं। बदायूं में 223 गौशालाओं में 36,886 गौवंश संरक्षित हैं और 136 हेक्टेयर में हरा चारा बोया गया है। पीलीभीत में 66 गौशालाओं में 8,259 गौवंश हैं और बेनीपुर गौशाला में गोबर से पंचगव्य बनाकर बिक्री की जा रही है। शाहजहांपुर में 145 गौशालाएं हैं और 52 हेक्टेयर में हरा चारा बोया गया है।
अहम फैसले और घोषणाएं
बैठक में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह रोक लगाने और एफएमडी के टीके अनिवार्य रूप से लगवाने के निर्देश दिए गए। साहिवाल और गंगातीरी नस्ल का सीमन किसानों को निशुल्क दिया जाएगा, जबकि सेक्स्ड सीमन की कीमत 300 से घटाकर 100 रुपये की गई है। गौवंश के भरण-पोषण की धनराशि भी 30 से बढ़ाकर 50 रुपये की गई है। दूसरे प्रदेश से 2 गाय खरीदने पर 40 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। आवश्यकता होने पर 1 करोड़ 60 लाख की लागत से नई बड़ी गौशाला भी स्वीकृत की जाएगी।
महापौर बोले- नंदी गौशाला अगले माह होगी शुरू
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने बताया कि नगर निगम की गौशालाओं में बन रही खाद ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई हो रही है। इंडियन ऑयल के सहयोग से सीबीजी प्लांट और 600 क्षमता की नंदी गौशाला अगले माह शुरू होगी। बैठक में मंडलायुक्त शंभू कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेन्द्र शर्मा सहित चारों जनपदों के अधिकारी उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट: सुमित श्रीवास्तव बरेली)।


