Muzaffarnagar News : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो के वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया और आरोपी को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए खुद को सच्चा देशभक्त बता रहा है।
Muzaffarnagar News : पाकिस्तान के समर्थन में लगाया था नारा
वायरल वीडियो में जिस व्यक्ति को ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए देखा गया, उसकी पहचान अनवर जमील के रूप में हुई है, जो अंसारी रोड, कोतवाली नगर क्षेत्र का निवासी है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज़ हो गई। मामले में जानकारी देते हुए सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि वायरल वीडियो को नगर कोतवाली पुलिस ने संज्ञान में लिया और आरोपी अनवर जमील को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Muzaffarnagar News : आरोपी ने खुद को बताया देशभक्त
वीडियो वायरल होने के बाद अनवर जमील का एक स्पष्टीकरण वीडियो भी सामने आया है। उसमें उसने बताया कि यह वीडियो चार से पांच महीने पुराना है और क्रिकेट मैच के दौरान उसके एक दोस्त आकाश चौधरी ने मज़ाक में उससे पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगवाया था। अनवर के अनुसार, वह खुद को सच्चा हिंदुस्तानी मानता है और उसका पाकिस्तान से कोई लेना-देना नहीं है। उसने आरोप लगाया कि आकाश चौधरी बार-बार वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था और अब उसे सार्वजनिक कर दिया।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/ghaziabad-news-mock-drill-in-charms-castle-society-information-given-on-handling-emergency-situations/



