संवाददाता : अंकित मित्तल
Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर में भ्रष्टाचार के खिलाफ पिछले 29 वर्षों से धरना दे रहे विश्व के सबसे लम्बे धरने मे शुमार मास्टर विजय सिंह प्रयागराज में चल रहे महाकुम्भ के लिए प्रस्थान कर गए है। पिछले 29 साल से धरने पर बैठे मास्टर विजय सिंह कुंभ में कल्पवास करेंगे साथ ही भारतीय अखाड़ा परिषद ” धर्म संसद ” से भ्रष्टाचार की समाप्ति हेतु दिशा निर्देश पारित करने की अपील भी करेगे।
Muzaffarnagar News : 3 दिन रहेंगे मौन
आपको बता दें कि भ्रष्टाचार व भूमाफियाओं के विरुद्ध 29 साल से दुनिया के सबसे लंबे धरने पर बैठे मास्टर विजय सिंह प्रयाग महाकुंभ मे शुद्धि व आत्मशक्ति हेतु 9 दिन का कल्पवास कर पूजा अर्चना करेंगे। भारतीय अखाड़ा परिषद की “धर्म संसद “महामंडलेश्वर व साधु संतों से भेट कर भ्रष्टाचार व भूमाफिया, रिश्वतखोरी आदि बुराइयों की समाप्ति हेतु दिशा निर्देश का प्रस्ताव पारित करने की अपील भी करेगे। मास्टर विजय सिंह ने बताया महाकुंभ के पवित्र स्नान का अभिप्राय जीवन को शुद्ध एवं सात्विक बनाना है। अपने अंदर की बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेना है वे प्रयाग महाकुंभ में एकांत में ईश्वर व गंगा मां से आराधना करेंगे। 3 दिन बिल्कुल मौन रहेंगे, दिन में तीन बार संगम में स्नान करेंगे दिन मे एक समय भोजन लेंगे तथा महामंडलेश्वर साधु संतों के प्रवचन सुनेंगे।

Muzaffarnagar News : गांधीवादी लड़ाई लड़ रहे विजय सिंह
मास्टर विजय सिंह भ्रष्टाचार व भूमाफियाओं के विरुद्ध जनहित में सार्वजनिक भूमि को दबंग भूमाफियाओं से मुक्त कराकर गरीबों में बांटने या विकास कार्यों में लेने हेतु पिछले 30 वर्षों से मुजफ्फरनगर में धरना आंदोलन/ सत्याग्रह कर रहे हैं। 30 साल पहले मास्टर विजय सिंह ने अध्यापक की नौकरी से इस्तीफा देकर सबसे पहले उन्होंने अपने गाँव चौसाना हाल जनपद शामली की 4 हजार बीघा सार्वजनिक भूमि पर शोध करके घोटाला खोला। मास्टर विजय सिंह का मानना है कि मुजफ्फरनगर और शामली जनपद में लगभग 6 लाख बीघा सार्वजनिक भूमि, ( तालाब ,झील वन ग्राम सभा की भूमि )आदि पर अवैध कब्जे हैं। उक्त भूमि को कब्जामुक्त करवाने तथा इस भूमि के सार्वजनिक प्रयोग या गरीबों को बंटवाने की जद्दोजहद में मास्टर विजय सिंह मुजफ्फरनगर में 24 घंटे धरने पर रहकर गांधीवादी लड़ाई लड़ रहे हैं।
29 साल का यह धरना देश व दुनिया का सबसे लम्बा धरना घोषित हो चुका है। इस धरने को लिम्का बुक आफ रिकॉर्डस, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्डस, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्डस, मीरा सैल्स ऑफ दा वर्ल्ड रिकॉर्डस, यूनिक वर्ल्डस रिकार्ड ने सबसे लम्बा सत्याग्रह दर्ज किया है।



