Pakistan Black Gold: पाकिस्तान के लिए आर्थिक बदहाली और ऊर्जा संकट के बीच एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। एक महीने के भीतर तीसरी बार देश में तेल और गैस के नए भंडार मिलने का दावा किया गया है। इस बार पाकिस्तान के हाथ ‘काला सोना’ लगा है, जिससे न सिर्फ घरेलू ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा बल्कि कर्ज और महंगाई से जूझ रहे देश को भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
पाकिस्तान की सरकारी तेल कंपनी ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (OGDCL) ने खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट जिले में तेल और गैस की नई खोज की आधिकारिक घोषणा की है। यह खोज ऐसे वक्त में हुई है, जब पाकिस्तान विदेशी कर्ज, महंगे आयात और बढ़ती बेरोजगारी से जूझ रहा है।
खैबर पख्तूनख्वा में मिला नया तेल-गैस भंडार
OGDCL के मुताबिक यह खोज Baragzai X-01 (Slant) नाम के एक्सप्लोरेटरी कुएं से हुई है। इस कुएं की ड्रिलिंग 30 दिसंबर 2024 को शुरू की गई थी। बाद में समाना सुक और शिनावरी फॉर्मेशन में केस्ड होल ड्रिल सिस्टम के जरिए परीक्षण किया गया। टेस्ट के नतीजों ने पाकिस्तान के ऊर्जा सेक्टर में नई उम्मीद जगा दी है। कुएं से रोजाना हजारों बैरल तेल और बड़ी मात्रा में प्राकृतिक गैस निकलने की पुष्टि हुई है।
Pakistan Black Gold- रोजाना 3100 बैरल कच्चा तेल
OGDCL की रिपोर्ट के अनुसार इस कुएं से रोजाना 3100 बैरल कच्चा तेल 8.15 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट (MMSCFD) प्राकृतिक गैस का उत्पादन हो रहा है। यह उत्पादन 32/64 इंच के चोक साइज पर 3010 पीएसआई के वेलहेड फ्लोइंग प्रेशर के साथ दर्ज किया गया है। एक महीने में तीसरी खोज, उत्पादन में 14.5% की बढ़ोतरी यह खोज इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यह एक महीने के भीतर पाकिस्तान की तीसरी बड़ी तेल-गैस खोज है। इन तीनों खोजों को मिलाकर पाकिस्तान के घरेलू तेल उत्पादन में करीब 9480 बैरल प्रतिदिन की बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल पाकिस्तान का कुल तेल उत्पादन लगभग 66,000 बैरल प्रतिदिन है। ऐसे में नई खोजें मौजूदा उत्पादन का करीब 14.5 प्रतिशत इजाफा दर्शाती हैं। गैस उत्पादन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
Pakistan Black Gold- OGDCL, PPL और GHPL की हिस्सेदारी
इस प्रोजेक्ट में OGDCL की 65% हिस्सेदारी, पाकिस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड (PPL) की 30% हिस्सेदारी, जबकि गवर्नमेंट होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड (GHPL) की 5% कैरिड इंटरेस्ट है। OGDCL ने इस खोज की जानकारी पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज को नोटिस के जरिए दी है।
Pakistan Black Gold- पाकिस्तान के लिए क्यों अहम है यह खोज?
पाकिस्तान लंबे समय से ऊर्जा संकट और भारी आयात बिल से परेशान है। देश को तेल और गैस के लिए अरबों डॉलर खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में घरेलू उत्पादन बढ़ने से आयात पर निर्भरता कम होगी, विदेशी मुद्रा की बचत होगी, और ऊर्जा सप्लाई-डिमांड का अंतर घटेगा। OGDCL का कहना है कि यह खोज पाकिस्तान के हाइड्रोकार्बन रिजर्व को मजबूत करेगी और ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है।

Pakistan Black Gold- ऑफशोर ब्लॉकों में भी बड़े निवेश की तैयारी
पिछले साल पाकिस्तान सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 5 नए एक्सप्लोरेशन डील साइन किए थे। इसके अलावा नवंबर 2025 में 40 ऑफशोर ब्लॉकों की नीलामी की गई, जहां 4 कंसोर्टिया से 23 बोलियां प्राप्त हुई। इन प्रोजेक्ट्स में शुरुआती निवेश करीब 8 करोड़ डॉलर का बताया गया है, जो आने वाले समय में बढ़कर 1 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
Iran US Tension: क्या सच में ट्रंप को घर में घुसकर मार सकता है ईरान? 5 फैक्ट से समझिए
Pakistan Black Gold- क्या बदलेगी पाकिस्तान की किस्मत?
तेल और गैस की ये खोजें पाकिस्तान के लिए राहत जरूर हैं, लेकिन सवाल अब भी कायम है कि क्या इससे आम जनता की हालत सुधरेगी? क्या कर्ज, महंगाई और भुखमरी से जूझ रहे पाकिस्तान को इससे स्थायी समाधान मिलेगा, या यह सिर्फ आंकड़ों तक सीमित राहत साबित होगी इसका जवाब आने वाला वक्त ही देगा।



