थाना साहिबाबाद पुलिस ने आज सुबह एक मुठभेड़ के दौरान मोबाइल snatching gang के एक कुख्यात अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक स्नैच किया हुआ मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन पुत्र ओमवीर, निवासी 30 फूटा रोड, गली नंबर 11, नंदग्राम, थाना नंदग्राम, गाजियाबाद, उम्र करीब 28 वर्ष, के रूप में हुई।
पुलिस ने इशारा करके रोका
जानकारी के अनुसार थाना साहिबाबाद पुलिस लूट और स्नैचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए सिटी फॉरेस्ट से नाग द्वार चौराहे की ओर आने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया। लेकिन, संदिग्धों ने पुलिस के इशारे को नजरअंदाज कर भागने की कोशिश की।

पुलिस पर कर डाली फायरिंग
पुलिस ने पीछा किया तो आरोपियोंं ने पुलिस पर जानलेवा हमले की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी अमन के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल अभियुक्त को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
कई घटनाओं को दिया अंजाम
पूछताछ में अमन ने खुलासा किया कि उसने बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली से चोरी की थी। वह अपने दिल्ली निवासी साथी शिवम के साथ मिलकर इस मोटरसाइकिल का उपयोग मोबाइल स्नैचिंग के लिए करता था। दोनों छीने गए मोबाइल फोन को राह चलते अनजान लोगों को बेच देते थे। आरोपी ने पिछले कुछ समय में कई मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी अमन का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और दिल्ली एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, चोरी, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट जैसे करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़े- Indirapuram में महिला पर हमला करते हुए पालतू कुत्ते का भयानक वीडियो देखें



