गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मांझे से मौत का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। यूपी गेट से पहले बने पुल पर बाइक सवार युवक का गला मांझे से कट गया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
15 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना खोड़ा और थाना कौशांबी पुलिस मौके पर पहुँची। जाँच में पता चला कि मृतक की पहचान रवि के रूप में हुई, जो नोएडा के बहरामपुर इलाके का रहने वाला था।
दोस्त के साथ जा रहा था दिल्ली
पुलिस को बताया गया कि रवि अपने दोस्त नरेश के साथ बाइक से दिल्ली-गाज़ीपुर की ओर किसी काम से जा रहा था। नरेश ने पुलिस को बताया कि जैसे ही उनकी बाइक यूपी गेट से पहले वाले पुल के पास पहुँची, अचानक मांझे या धागे से रवि का गला कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
घायल रवि को तुरंत इलाज के लिए मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी मौत हो गई। मांझे से मौत की इस घटना ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर पतंगबाज़ी के खतरे को उजागर कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना कौशांबी पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त, इंदिरापुरम, श्री सूर्यबली मौर्य ने मीडिया को बताया कि घटना की पूरी जाँच की जा रही है और मांझा बेचने व उड़ाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील
पुलिस-प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि चाइनीज़ मांझे का प्रयोग बिल्कुल न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो रहा है। एक्सप्रेसवे और पुलों के आसपास वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें।


