वाहन चेकिंग के दौरान भागते हुए बदमाश पर हुई कार्रवाई
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के थाना लोनी क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना लोनी पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान नकबजनी की घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस के अलावा चोरी के करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।
निठोरा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान हुई घटना
पुलिस के अनुसार थाना लोनी क्षेत्र के निठोरा अंडरपास के पास एक मामले में वांछित अभियुक्त की तलाश में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नकबजनी की घटना कारित करने वाला आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर निठोरा की तरफ से आ रहा है। चेकिंग के दौरान जैसे ही मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति पुलिस टीम के करीब पहुंचा, उसे रुकने का इशारा किया गया।
भागने की कोशिश में फायरिंग, पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक संदिग्ध व्यक्ति ने पहले रुकने का बहाना बनाया, लेकिन फिर अचानक मोटरसाइकिल तेज कर निठोरा की ओर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया, इसी दौरान बाइक फिसल गई और बदमाश ने बचने के लिए तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
पूछताछ में सचिन ने कबूला अपराध
पूछताछ के दौरान घायल बदमाश ने अपना नाम सचिन पुत्र राजू, निवासी रूपनगर, डबल टंकी के पास, लोनी गाजियाबाद बताया, जिसकी उम्र करीब 28 वर्ष है। उसने खुलासा किया कि 20 अगस्त 2026 की रात उसने गिरि मार्केट लोनी स्थित एक घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
दर्जन भर से ज्यादा मामलों में पहले भी रह चुका है शामिल
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सचिन का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। गाजियाबाद कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ नकबजनी, चोरी, चोरी का माल बरामदगी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद आभूषणों के असली मालिकों की पहचान और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।


