Ghaziabad Updates: गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के हिसली गांव में ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब उन्होंने फैक्ट्री मालिकों की दबंगई और शराब के ठेके से उत्पन्न समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाई।
नाराज ग्रामीणों ने गांव के मुख्य मार्ग को बंद कर जाम लगा दिया, जिससे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिकों की मनमानी और शराब के ठेके के कारण उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
Ghaziabad Updates: सड़को पर बढ़ रहे गड्ढे
हिसली गांव के निवासियों का कहना है कि पास की फैक्ट्री से बड़े-बड़े ट्रक गांव के संकरे रास्तों से गुजरते हैं, जिससे सड़कों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन ट्रकों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, और आए दिन हादसे होने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा, बिजली के तारों का नीचे लटकना भी एक बड़ी समस्या है। कई बार ट्रक इन तारों में अटक जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है।

Ghaziabad Updates: जाम की समस्या
ग्रामीणों ने बताया कि सड़कों पर ट्रकों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनी रहती है, और नालियों में पानी की निकासी भी बाधित हो रही है, जिससे गंदगी और जलभराव की समस्या बढ़ रही है।

Ghaziabad Updates: असामाजिक तत्वों का हो रहा जमावड़ा
स्थानीय शराब के ठेके ने भी ग्रामीणों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। ठेके के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इन समस्याओं की शिकायत कई बार प्रशासन से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार, तंग आकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया।
Ghaziabad Updates: पुलिस ने दिये निर्देश
स्थानीय पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की गई। पुलिस ने रास्ता खुलवाने के लिए तत्काल कार्रवाई की और फैक्ट्री मालिकों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने ट्रकों को सड़क पर खड़ा न करें। साथ ही, प्रशासन ने सड़क की मरम्मत और बिजली के तारों की व्यवस्था को ठीक करने का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़े- Banke Bihari Corridor पर क्या हैं सरकार का पक्ष, क्यों विरोध कर रहे लोग ?



