Ghaziabad News : गाजियाबाद जिले में पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से 13 लाख रुपये की 150 पेटी अवैध शराब बरामद हुई है।
Ghaziabad News : अब पढ़े पूरा मामला
मामले में जानकारी देते हुए एडीसीपी क्राइम ब्रांच सच्चिदानंद राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नागेंद्र पिछले 6 महीने से शराबबंदी वाले राज्यों में अवैध शराब की तस्करी कर रहा था। जो पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार और गुजरात में सप्लाई करता था। प्रत्येक शराब की खेप पहुंचाने के एवज में उसे 15,000 रुपये मिलते थे।

मामले में जांच की गई तो पता चला इस अवैध धंधे का मास्टरमाइंड अमरोहा का रहने वाला विक्की है, जो अभी फरार है। विक्की की गाड़ियों का इस्तेमाल शराब की तस्करी में किया जाता था और उसी के निर्देश पर शराब की खरीद और सप्लाई की जाती थी। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी कैंटर में विशेष जगह बनाकर शराब छिपाकर ले जाता था। फिलहाल, पुलिस गैंग के मास्टरमाइंड विक्की और अन्य सदस्यों की जांच में जुटी है। यह कार्रवाई शराबबंदी वाले राज्यों में अवैध शराब की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।



