रिपोर्टर- पूजा मेहरा
Ghaziabad news: गाजियाबाद में फर्जी एंबेसी चलाने के मामले में मुख्य आरोपी हर्षवर्धन जैन को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। कोर्ट ने पुलिस को 29 जुलाई 2025 की सुबह 10:00 बजे से 2 अगस्त 2025 की शाम 4:00 बजे तक हर्षवर्धन की रिमांड की स्वीकृति दी है।
कोर्ट ने सख्त निर्देश दिए हैं कि रिमांड अवधि के दौरान हर्षवर्धन को किसी भी प्रकार से मानसिक या शारीरिक रूप से प्रताड़ित नहीं किया जाएगा। साथ ही, रिमांड पर लेने से पहले और जेल में दाखिल करने से पहले हर्षवर्धन का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि हर्षवर्धन का वकील उनके साथ उपस्थित रह सकता है, लेकिन पुलिस की कार्यवाही में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करेगा।
पुलिस ने कोर्ट को बताया कि हर्षवर्धन जैन को पूछताछ के लिए दिल्ली और गुजरात ले जाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, कोर्ट ने आदेश दिया कि पुलिस अभिरक्षा रिमांड की पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी कराई जाए और उसकी कॉपी कोर्ट में दाखिल की जाए।
जांच जारी है- (Ghaziabad news)
यह मामला गाजियाबाद (Ghaziabad news) में फर्जी एंबेसी के जरिए लोगों को ठगने और अवैध गतिविधियों से जुड़ा है, जिसके चलते हर्षवर्धन जैन की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस अब इस मामले में गहन जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
Read more: जिला सड़क सुरक्षा समिति और जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक



