Ghaziabad News : श्रावण मास के पवित्र अवसर पर गाजियाबाद ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज रहा है। इसी भक्तिमय माहौल में गाजियाबाद नगर निगम भी पूरी तरह शिवमय हो गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निगम अधिकारी, कर्मचारी और सफाई मित्र ड्यूटी निभाने के साथ-साथ कांवड़ियों की सेवा में भी जुटे हुए हैं।
निर्माण विभाग बैरिकेडिंग की व्यवस्था मजबूत कर रहा है, जलकल विभाग 24 घंटे जल आपूर्ति हेतु टैंकर भेज रहा है, और स्वास्थ्य विभाग मंदिरों व शिविरों के आसपास सफाई व्यवस्था को संभाले हुए है।
Ghaziabad News : भक्ति और सेवा भाव का अनूठा संगम
नगर निगम द्वारा साइ उपवन में आयोजित शिविर पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त है और इसमें कांवड़ियों को भोजन, विश्राम, स्नान और शौचालय की व्यवस्था सेवा भाव से कराई जा रही है। महिला कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष शिविर में अलग से महिला सफाई मित्रों की ड्यूटी लगाई गई है। सफाई मित्र भगवा टीशर्ट में एकरूपता के साथ सफाई व्यवस्था को संभाल रहे हैं।
Ghaziabad News : नगर आयुक्त और महापौर की सराहनीय भूमिका
नगर आयुक्त ने स्वयं शिविरों में पहुंचकर कांवड़ियों को भोजन वितरित किया और पुष्पवर्षा की। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि पार्षदों और निगम अधिकारियों की भागीदारी इस सेवा कार्य को प्रशंसनीय बनाती है। यह आयोजन न केवल स्वच्छता का संदेश दे रहा है, बल्कि भक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी उदाहरण पेश कर रहा है।
Ghaziabad News : 600 सफाई मित्रों की तीन शिफ्टों में तैनाती
जोनल सैनिटरी ऑफिसर ओमपाल के अनुसार, गाजियाबाद नगर निगम के अंतर्गत 600 सफाई मित्र तीन शिफ्टों में ड्यूटी कर रहे हैं। मिल्क दुहाई गांव से लेकर सीमापुरी बॉर्डर, भोपुरा, इंदिरापुरम, वसुंधरा, डायमंड फ्लाईओवर व गोविंदपुरम तक सफाई व्यवस्था जोरों पर है। शिवभक्ति के साथ नगर निगम की सेवा भावना शहरवासियों को प्रेरित कर रही है।
यह भी पढ़े- Ghaziabad News : लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर लिया आशीर्वाद



