Ghaziabad News : किसानों ने किया धरना प्रदर्शन
गाजियाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई हैं। किसान सेना और अन्य किसान संगठनों ने सोमवार को नेशनल हाईवे-9 पर स्थित मणिपाल अस्पताल के बाहर धरना दिया और अपनी मांगे को प्रशासन के सामने रखा। किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी विभिन्न समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।
Ghaziabad News : क्या हैं आरोप ?
सोमवार को नेशनल हाईवे-9 पर स्थित मणिपाल अस्पताल के बाहर किसानों ने धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मणिपाल अस्पताल पर आरोप लगाया कि वह मल-मूत्र और गंदे पानी को जमीन के अंदर छोड़ रहा है, जिससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। किसानों ने इस पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा, वेव सिटी और किसानों के बीच हुए समझौते को लागू करने की मांग भी उठाई गई।
एक अन्य महत्वपूर्ण समस्या शास्त्री नगर में खुली 11,000 वोल्ट की बिजली लाइन को लेकर है। किसानों ने कहा कि यह लाइन खुले में पड़ी हुई है, जिससे वहां रहने वाले लोगों और मवेशियों की जान को खतरा है। उन्होंने प्रशासन से इसे जल्द से जल्द दुरुस्त करने की अपील की। धरने के दौरान किसान संगठनों ने सरकार से उनकी मांगों को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे।
किसान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अवनीत पंवार ने बताया कि किसानों की समस्याओं का समाधान न होने के कारण वे धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन में कई किसान संगठन शामिल हुए हैं, जो अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं।



