Ghaziabad News : गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र के भोवापूर स्थित मीडिया मजेस्टिक सोसायटी में मंगलवार को एक पूजा के दीपक से भीषण आग लग गई। इस घटना में सोसायटी के फ्लैट नंबर 241 में आग लगी, जहां रिटायर्ड बैंक मैनेजर प्रीतम दुग्गल अपने परिवार के साथ रहते हैं। जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के अवसर पर प्रीतम दुग्गल का परिवार पूजा-पाठ कर रहा था। जब दीपक मंदिर में जल रहा था, तो शायद हवा के कारण मंदिर का पर्दा दीपक की चपेट में आ गया और उसमें आग लग गई। आग धीरे-धीरे ड्राइंग रूम तक फैल गई।
Ghaziabad News : सूझबूझ से आग को किया नियंत्रित
आग की लपटें देखकर परिवार के सदस्य घबराए और शोर मचाया। इस दौरान सोसाइटी के कर्मचारियों ने मौके पर मौजूद आग बुझाने के उपकरणों का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया। इस बीच, फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, फायर ब्रिगेड टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही सोसाइटी के कर्मचारियों ने अपनी सूझबूझ से आग को नियंत्रित कर लिया था। इस आग लगने की घटना में किसी भी व्यक्ति के जान-माल की हानि की कोई सूचना नहीं है। घटना के समय आसपास के फ्लैटों के लोग भी अपने-अपने घरों से बाहर आ गए थे और आग बुझाने में मदद कर रहे थे।
फायर ब्रिगेड की टीम ने सोसाइटी के कर्मचारियों की सूझबूझ और हौसले की सराहना की। टीम का कहना है कि जिस तरीके से सोसाइटी के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया, वह प्रशंसा योग्य है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि लोग इस प्रकार से हर आग लगने की घटना के दौरान सूझबूझ से काम लें, तो आग से होने वाला नुकसान काफी हद तक कम हो सकता है।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/ghaziabad-news-fire-in-paint-warehouse-causes-panic-5-fire-engines-reached-the-spot/



