Ghaziabad News : बुलडोजर की कारवाई से हुआ हंगामा
गाजियाबाद जनपद के मटियाला गांव के निकट फ्रेंड्स कॉलोनी में बुलडोजर चलने की घटना सामने आई हैं। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने मंगलवार को करीब 95 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही पांच अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान, जब जीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण हटाने का कार्य शुरू किया, तो कालोनाइजर और उनके समर्थकों ने इसका विरोध किया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।

Ghaziabad News : क्या हैं मामला ?
जीडीए प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने मटियाला गांव के निकट अशोक जैन और सचिन चौधरी द्वारा 25 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। बुलडोजर से कॉलोनी की चारदीवारी को गिराया गया और परिसर में किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद टीम ने गोविंद धाम कॉलोनी में नीरज मलिक और योगेश चौधरी द्वारा 22 बीघा जमीन पर बनाई जा रही अवैध कॉलोनी को निशाना बनाया, जहां कॉलोनी के विभिन्न ढांचों को ध्वस्त किया गया और बनाई गई कुछ सड़कों को भी उखाड़ दिया गया।

Ghaziabad News : आगे भी जारी रहेगी कारवाई
इसके अलावा, जीडीए की टीम ने मटियाला गांव में 16 बीघा और 20 बीघा भूमि पर मुकेश वर्मा द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर भी बुलडोजर चलाया। यहां पर बनी चारदीवारी, सड़कें, विद्युत पोल और अन्य संरचनाओं को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति के कॉलोनियों का निर्माण पूरी तरह अवैध है, और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



